सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में एचएसए के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार लवीश ने 2004 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनका पूरा पैनल विजयी रहा। शाम 5:00 बजे मतगणना पूरी हुई। इसके बाद विजेताओं के नाम की घोषणा की गई। परिसर के बाहर उनकी टीम ने ढोल नगाड़े बजाकर जश्न मनाया। इस बार का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव के मद्देनजर कॉलेज प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए। वहीं, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
सुबह 9:30 बजे शुरू हुए मतदान के दौरान कॉलेज की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने वाहनों की आवाजाही रोक दी थी। कॉलेज के प्रवेश द्वार पर छात्रों का आई कार्ड देखने के बाद ही प्रवेश दिया गया। कॉलेज में टोटल 7,783 मतदाता है। इसमें लड़कियों की संख्या 3,036 और लड़कों की संख्या 4,747 है। मतदान सुचारू रूप से चलाने के लिए कॉलेज प्रशासन ने परिसर में 21 पोलिंग बूथ बनाए, जहां 12:30 बजे तक वोटिंग हुई। इन बूथ पर 21 प्रोजाइडिंग ऑफिसर और प्रत्येक ऑफिसर के साथ पांच पोलिंग ऑफिसर भी ड्यूटी पर तैनात रहे।
मतगणना की हुई वीडियोग्राफी
कॉलेज के डीएसडब्ल्यू प्रोफेसर मुनीष तनेजा ने बताया कि छात्र परिषद चुनाव में कॉलेज में पहली बार मतदान के साथ ही मतगणना की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी हुई। इसके लिए दो अलग-अलग टीम तैनात की गई। मतगणना की व्यवस्था सभागार में की गई, जहां उम्मीदवारों व उनके प्रतिनिधियों को भी बैठने की अनुमति मिली।
ये रहे विजेता
अध्यक्ष - लवीश सेहरावत
उपाध्यक्ष - मृणाल स्टेटा
सचिव - सौरभ पवार
संयुक्त सचिव - याईमा ओइनम