पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने का काम बुधवार को समाप्त हो जाएगा।
अंतिम दिन अन्य प्रत्याशियों के अलावा गुरदासपुर से भाजपा के विनोद खन्ना, फिरोजपुर से कांग्रेस के चौ. सुनील जाखड़ और खडूर साहिब से कांग्रेस के हरमिंदर सिंह गिल नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
इसके साथ ही सभी लोकसभा सीटों के लिए चुनाव पर्यवेक्षक भी कमान संभाल लेंगे। पंजाब की 13 सीटों में से अति संवेदनशील पटियाला, बठिंडा, फिरोजपुर, अमृतसर और गुरदासपुर में 2-2, जबकि अन्य सीटों पर एक-एक जनरल पर्यवेक्षक तैनात होंगे।
इनके अलावा तीन पुलिस पर्यवेक्षकों सहित एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर भी स्थिति पर पूरी नजर रखेंगे। पुलिस पर्यवेक्षक डिवीजन लेवल पर जालंधर, पटियाला और बठिंडा में तैनात रहेंगे तथा पुलिस की तैनाती संबंधी हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।
अब तक कुल 236 नामांकन दाखिल हुए हैं। जिसमें भाजपा के अरुण जेटली, विजय सांपला, शिअद की हरसिमरत बादल, प्रो. चंदूमाजरा, सुखदेव सिंह ढींढसा, कांग्रेस के कैप्टन अमरिंदर सिंह, अंबिका सोनी, परनीत कौर, महिंदर सिंह केपी, रवनीत बिट्टू, मनप्रीत सिंह बादल, आप के भगवंत मान, सुच्चा सिंह छोटेपुर, धर्मबीर गांधी, बसपा के भगवान सिंह चौहान आदि नेता शामिल हैं।
मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश के कारण पर्चे नहीं भरे गए। बुधवार को नामांकन प्रक्रिया की समाप्ति के बाद 10 अप्रैैल को इनकी जांच होगी।
इसके बाद 11 व 12 अप्रैल को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। उसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।