चंडीगढ़ की कुछ लड़कियों ने उन जरूरतमंद छात्राओं की मदद करने की पहल की है, जो इलेक्ट्रानिक उपकरणों की कमी की वजह से डिजिटल एजुकेशन पाने में असमर्थ हैं। ये लड़कियां दोस्तों, रिश्तेदारों और अन्य लोगों की मदद से अब तक 21 मोबाइल व लैपटॉप जुटाकर छात्राओं को मुहैया करवा चुकी हैं। इन लड़कियों का नेतृत्व कर रहीं साची आहुजा ने बताया कि डिजिटल एजुकेशन हर किसी के बस की बात नहीं है। अब भी कई ऐसे विद्यार्थी हैं कि जिनके पास यह सुविधा नहीं है।
सबसे पहले इन सभी ने सोशल मीडिया पर अपना एक पेज बनाया। उसके बाद व्हाट्सएप ग्रुप पर मैसेज फारवर्ड किया। साची व उनके दोस्तों की पहल सुनकर हर कोई मदद के लिए तैयार हो गया। अब तक इन लड़कियों ने 21 इलेक्ट्रानिक उपकरण इकट्ठे किए और स्कूल की प्रिंसिपल को मुहैया करवाए। साची ने बताया कि उनकी मदद के लिए उनके अभिभावक, टीचर व परिवार के अन्य सदस्यों ने भी मदद की है। विवेक हाईस्कूल में 11वीं की छात्रा साची आहुजा ने बताया कि उनके स्कूल विवेक हाईस्कूल की प्रिंसिपल ने भी विद्यार्थियों के लिए गैजेट दान में दिए।