टेक्सस (अमेरिका) के पहले सिख डिप्टी शैरिफ संदीप सिंह धालीवाल की पुश्तैनी जमीन उनके अपनों ने ही हड़प ली है। अमेरिका में अपनी ड्यूटी के साथ-साथ प्राकृतिक आपदा के समय पीड़ितों की मदद के लिए जाने जाते धालीवाल का बुत बनाया जा रहा है, वहीं सगी बड़ी मौसी-मौसा और मौसेरी बहनों ने ही उनकी पुश्तैनी जमीन जाली दस्तावेजों के सहारे अपने नाम करवा ली।
थाना सिटी की पुलिस ने जांच के बाद संदीप धालीवाल के पांच रिश्तेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। इस समय मौसी-मौसा समेत तीन आरोपी अमेरिका, एक मौसेरी बहन नार्वे और दूसरी इंग्लैंड में है। एसएसपी कपूरथला को दी शिकायत में शहीद संदीप सिंह धालीवाल के छोटे मौसा सुखदेव संधू ने बताया कि गांव शेखूपुर में संदीप की मां सुरिंदरजीत कौर और छोटी मौसी बलविंदर कौर के नाम 4 एकड़ 16 मरले पुश्तैनी जमीन थी।
इस जमीन पर संदीप के जिंदा रहते समय से ही उनके रिश्तेदारों की नजर थी। पिछले साल संदीप की सबसे बड़ी मौसी नछतर कौर और उसके पति अजीत सिंह निवासी मार्कफेड रोड सामने सुभाष पैलेस ने मिलीभगत से संदीप की माता सुरिंदर कौर और उनकी छोटी बहन बलविंदर कौर के जाली हस्ताक्षर वाली पॉवर ऑफ अटार्नी बनाकर जमीन अपनी बेटियों सकिरत कौर और रमनजीत कौर के नाम कर दी। खुद संदीप सिंह ने पिछले साल कपूरथला आकर पुलिस को इसकी शिकायत दी थी।
27 सितंबर को संदीप की हत्या कर दी गई थी
मामले की निगरानी खुद एसएसपी कपूरथला सतिंदर सिंह कर रहे थे। इस जमीन से संबंधित असली दस्तावेज लेकर उसे इस साल अक्टूबर में कपूरथला आकर पुलिस के सामने पेश करने थे। इससे पहले ही 27 सितंबर को टेक्सस में ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक सुचारू करवाते समय उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
संदीप की मौत के बाद परिवार पूरी तरह से सदमे रहा। अब उसके मौसा सुखदेव संधू ने पैरवी को आगे बढ़ाते हुए असली दस्तावेज लाकर पुलिस के सामने पेश किए। इनकी जांच के बाद एसएसपी ने थाना सिटी की पुलिस ने नछत्तर कौर, अजीत सिंह, लाल रुपिंदर सिंह, सकीरत कौर और रमनजीत कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
इस समय सभी आरोपी विदेश में हैं। डीएसपी सब-डिवीजन हरिंदर सिंह गिल ने कहा कि जो जाली पावर ऑफ अटार्नी बनाकर जमीन बेची गई है, उन दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इस दस्तावेजों को रेवेन्यू विभाग से संबंधित जिन लोगों ने तस्दीक किया है, उन्हें भी जांच में शामिल किया जाएगा।
अमेरिका की पुलिस में बेहद लोकप्रिय थे धालीवाल
कपूरथला के समीपवर्ती गांव धालीवाल बेट के संदीप सिंह धालीवाल अमेरिका पुलिस में डिप्टी शैरिफ थे। 27 सितंबर को अमेरिका में टेक्सस शहर में उस समय उनकी गोली मार हत्या कर दी गई थी, जब वह ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करवा रहे थे। अमेरिका की पुलिस में वह बेहद लोकप्रिय थे और मानवता की सेवा के लिए हर समय तत्पर रहने के लिए जाने जाते थे।
हत्या के बाद अमेरिका में उनका सरकारी तौर पर अंतिम संस्कार किया गया, वहीं अमेरिकी सरकार अपने लोकप्रिय अधिकारी की पावन स्मृति में उनका बुत स्थापित करने की योजना बना रही है। उन्होंने अमेरिकी सरकार से कानूनी लड़ाई लड़कर साबत सूरत सिख के तौर पर ड्यूटी करने की अनुमति हासिल की थी। वह टेक्सस पुलिस में करीब एक दशक से तैनात थे।