पटियाला। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने शुक्रवार को पटियाला ग्रामीण हलके के गांव लचकानी में नए आंगनबाड़ी सेंटर का उद्घाटन किया। इस सेंटर के उद्घाटन से विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं मिलेंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस आंगनबाड़ी सेंटर के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई की नींव मजबूत होगी, साथ ही मां और बच्चे की स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार होगा। इसके अलावा गांव की कॉलोनियों में बैठने के लिए तैयार किए गए शेड भी स्थानीय लोगों को समर्पित किए गए, जो उनके मेल-जोल और आराम करने की सुविधाजनक जगह साबित होंगे।
मंत्री ने स्कूल रोड पर इंटरलॉक टाइलें लगाने के काम का भी उद्घाटन किया, जिससे छात्रों और आम जनता को बेहतर रास्ता मिलेगा और सड़क सुरक्षा मजबूत होगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार सेहत, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यह सभी फैसले जनता के हित में लिए जा रहे हैं। इस अवसर पर बीडीपीओ मंदीप सिंह उप्पल, सरपंच प्रितपाल सिंह और अन्य स्थानीय लोग भी उपस्थित थे। ब्यूरो