हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के परिवार का भाजपा में कद बढ़ा है। कुलदीप बिश्नोई, उनकी पत्नी रेणुका व बेटे भव्य बिश्नोई को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में सदस्य नियुक्त किया गया है। शाहबाद से पूर्व विधायक अनिल धंतोड़ी को दोहरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के साथ ही प्रदेश प्रवक्ता भी बनाया गया है।
नियुक्ति आदेश प्रदेश कार्यालय के सचिव गुलशन भाटिया ने शनिवार सुबह जारी किए। देवेंद्र चावला को भी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। वंदना पोपली, राष्ट्र दहिया और पवन तायल प्रदेश प्रवक्ता बनाए गए हैं। पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। इसके बाद उनकी जगह बेटे भव्य बिश्नोई उपचुनाव में जीतकर आदमपुर से विधायक बने हैं।
हरियाणा के साथ राजस्थान में भजनलाल परिवार का लाभ उठाएगी भाजपा
हिसार के आदमपुर में पहली बार कमल खिलाने के बाद भाजपा अब राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के परिवार का लाभ उठाएगी। हरियाणा में 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं, उससे पहले 2023 में राजस्थान में नई सरकार का फैसला होगा। राजस्थान में अभी कांग्रेस सरकार है और पांच साल में सरकार बदलने का रिवाज चला आ रहा है।
कुलदीप बिश्नोई का राजस्थान में बिश्नोई समुदाय में अच्छा प्रभाव है। बिश्नोई समुदाय वहां कई सीटों पर हार-जीत तय करता है। भाजपा कुलदीप का वहां पूरा राजनीतिक लाभ उठाकर पार्टी की जीत सुनिश्चित करना चाहती है। हरियाणा के साथ लगते राजस्थान के जिलों में भजनलाल परिवार का शुरू से अच्छा रसूख रहा है, कुलदीप समय-समय पर वहां कई विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम करते रहे हैं।
भाजपा ने कुलदीप, रेणुका और भव्य को एक साथ प्रदेश कार्यसमिति में जगह देकर कई समीकरण साधे हैं। हरियाणा में भजन लाल परिवार को हिसार और साथ लगते जिलों की विधानसभा सीटों पर अच्छी पैठ है। इसके साथ ही हर हलके में उनके समर्थक हैं। भाजपा उस वोट बैंक को 2024 में अपने पक्ष में करना चाहती है। हजकां बीएल का भले 2016 में कुलदीप ने कांग्रेस में विलय कर दिया हो, लेकिन उनका अपना निजी वोट बैंक हर जगह है।
कुलदीप का नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ छत्तीस का आंकड़ा है। वह लगातार पूर्व सीएम पर निशाना साधते रहते हैं। भाजपा की कोशिश है कि कुलदीप के जरिये वह कांग्रेस के नॉन जाट वोट में सेंधमारी करे। कुलदीप हरियाणा में तो आने वाले समय में भाजपा के स्टार प्रचारक होंगे ही, 2023 में उन्हें राजस्थान विधानसभा चुनाव में भी स्टार प्रचार बनाया जा सकता है।
2019 के चुनाव में कांग्रेस से चुने गए थे विधायक
2019 विधानसभा चुनाव में कुलदीप आदमुपर से कांग्रेस विधायक चुने गए थे, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर उदयभान को नियुक्त किए जाने से वह नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अजय माकन की जगह निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा को वोट दिया। जिससे कांग्रेस के साथ उनकी दूरियां और बढ़ गईं। उन्होंने कांग्रेस को इसके बाद अलविदा कह दिया। भाजपा ने पहले भव्य को आदमपुर से टिकट दिया, अब परिवार के तीनों सदस्यों को कार्यसमिति में जगह देकर उनका कद बढ़ाया है। कुलदीप की पत्नी रेणुका हांसी से विधायक रह चुकी हैं।