विधानसभा क्षेत्र डेरा बाबा नानक में बुधवार को सीएम प्रकाश सिंह बादल संगत दर्शन के दौरान लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए बादल ने नए अस्तित्व में आई अखंड अकाली दल पार्टी को कांग्रेस पार्टी की शाखा बताया।
बादल ने कहा कि इस नई पार्टी का मकसद शिरोमणि अकाली दल को कमजोर करना है जो संभव नहीं है। कुछ पंथ विरोधी ताकतें शिरोमणि अकाली दल को कमजोर करके कांग्रेस को फायदा पहुंचाना चाहती हैं।
कैप्टन और केजरीवाल के बीच ट्विटर पर चल रही शब्दों की जंग के बारे में पूछे गए सवाल में बादल ने कहा कि दोनों नेता कागजी शेर हैं। यह सिर्फ सोशल मीडिया द्वारा ही अपने आप को पंजाब का हमदर्द साबित करना चाहते हैं।
लोग दोनों ही नेताओं को अच्छी तरह जानते हैं और लोगों ने दिल्ली में केजरीवाल की फेल सरकार और राज्य में कैप्टन की तानाशाही भी देखी है।
सीएम बादल
- फोटो : अमर उजाला
बादल ने कहा कि किसानों के कर्ज माफ के नाम पर कैप्टन लोगों को गुमराह कर रहे हैं। किसी भी सरकार के लिए यह संभव नहीं होता कि बैंकों से लिए गए कर्ज को माफ किया जा सकता हो। कैप्टन किसानों और लोगों को अपने झूठे वायदों से फंसा नहीं सकते।
इस मौके पर बादल ने एलान किया कि पूरे राज्य में ईसाई और मुस्लिम समुदाय के श्मशान घाट के लिए जगह मुहैया करवाने के लिए 100 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
इसके अलावा डेरा बाबा बाबा नानक में तैनात बीएसएफ की बटालियन 12 औैर 164 को भारत-पाक के साथ लगती कंटीली तार और सुरक्षा टावरों की मरम्मत के लिए 1 करोड़ रुपये के चेक दिए।
इस मौके पर जत्थेदार सुच्चा सिंह लंगाह, डीसी गुरदासपुर प्रदीप सभरवाल, एसएसपी बटाला दिलजिंदर सिंह ढिल्लों, एसडीएम बटाला सकतर सिंह बल, सुखजिंदर सिंह सोनू लंगाह समेत अकाली वर्कर और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।