इंग्लैंड की किरणदीप कौर सोशल मीडिया के जरिये अमृतपाल सिंह के संपर्क में आई थी। दोनों की शादी 10 फरवरी को सादे ढंग से अमृतपाल के पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में हुई थी। किरणदीप कौर गांव कुलार के प्यारा सिंह की बेटी है और यूके के बर्मिघम की रहने वाली हैं।
अमृतपाल अपनी पत्नी को शादी के बाद भी आम लोगों और रिश्तेदारों से दूर रखता था। इसका क्या कारण था, एजेंसियां इसे भी खंगाल रही हैं। शादी के दौरान और उसके बाद भी अमृतपाल सिंह ने कभी पत्नी को लोगों के सामने नहीं आने दिया। वह हमेशा इसे निजी मामला बताता रहा।
अमृतपाल और किरणदीप कौर की शादी।
- फोटो : फाइल
खुद को बताया था अमृतपाल की दूसरी पसंद
अमृतपाल के फरार होने के बाद किरणदीप कौर ने कहा था कि अमृतपाल की पहली पसंद सिख धर्म का प्रचार है, मैं उसकी दूसरी पसंद हूं। वह अपनी जत्थेबंदी और धर्म प्रचार के काम को ही प्राथमिकता देता है। धर्म और पंजाब के लोगों के लिए आवाज उठाता रहा है। वह अपने वीडियो सोशल मीडिया पर डालता था, जिसे मैंने देखा और सुना। सोशल मीडिया के माध्यम से ही मैं उसके संपर्क में आई लेकिन तब यह अंदाजा नहीं था कि हमारी शादी होगी।
पहली बार इंस्टाग्राम पर उसके साथ मुलाकात हुई थी। मैं उसकी पोस्ट और वीडियो जरूर देखती थी लेकिन कभी शेयर नहीं किया। मैं आध्यात्मिक विचारों वाली हूं। नॉन वेज नहीं लेती और न ही ड्रिंक करती हूं। मेरी यही बातें अमृतपाल को पसंद आईं। हालांकि मैं अमृतपाल की तरह धार्मिक नहीं हूं। फिर भी उसने मेरे साथ शादी की। मेरे परिवार ने कभी इसका विरोध नहीं किया।
बब्बर खालसा के लिए काम करने की आई थी रिपोर्ट
शादी से पहले किरणदीप यूके में रहती थी। मीडिया में आई एक खुफिया रिपोर्ट के अनुसार वहां रहते हुए वह बब्बर खालसा इंटरनेशनल नाम के आतंकी संगठन के लिए काम कर चुकी है। वह यूके में बब्बर खालसा इंटरनेशनल के लिए फंड इकट्ठा करती थी।
वर्ष 2020 में उसे पांच अन्य साथियों सहित वहां की सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लिया था। वहां भी उससे पूछताछ भी हुई थी। यह भी बताया जा रहा है कि किरणदीप कौर के कुछ खातों में भी विदेशों से धनराशि ट्रांसफर हुई है। इसकी भी जांच की जा रही है।