चंडीगढ़। एस्टेट ऑफिस के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने रविवार को सेक्टर-20 में भवन उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मकान के किचन, बाथरूम और शौचालय को तोड़ दिया। एसडीएम नितीश सिंगला के निर्देश पर दस्ते के अधिकारी प्रवीण मित्तल और अनिल नारद की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।इस मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था, जिसके चलते लोगों ने कोई विरोध नहीं किया। इसके अलावा यहीं पर विभाग की तरफ से एक कमरे को भी सील किया गया। इस संबंध में प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि यहां परभवन उल्लंघन की शिकायत थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। इसके चलते ही विभाग की तरफ से सेक्टर-20 के मकान नंबर 659 में ये कार्रवाई की गई।
बता दें कि यूटी प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल के निर्देशों पर ही विभाग की तरफ से ये कार्रवाई की जा रही है। सलाहकार ने शहर में अवैध निर्माण व अतिक्रमण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले शनिवार को विभाग की तरफ से चार कमर्शियल परिसर को भी सील कर दिया गया था।