चंडीगढ़। सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में 23 अगस्त को सुनहरी यादें 2026 संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। ट्राइसिटी कल्चरल एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में हिंदी सिनेमा के महान गायक और अभिनेता किशोर कुमार की 97वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनके सदाबहार गीतों के जरिए संगीतमय श्रद्धांजलि दी जाएगी। भारतीय संगीत में असाधारण योगदान के लिए प्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले को भी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष शांतनु मित्रा और महासचिव डॉ. एसडी शर्मा ने बताया कि सुनहरी यादें का आयोजन लगातार दसवें वर्ष किया जा रहा है। संगीत संध्या में किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति के माध्यम से श्रोताओं को पुराने दौर की मधुर यादों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि किशोर कुमार की आवाज आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में उसी तरह जीवंत है और उनके गीतों की लोकप्रियता पीढ़ियों के बीच कायम है।