चंडीगढ़। आंगनबाड़ी व क्रैच वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग के सचिव हरप्रीत सिंह से मुलाकात कर मांगों का ज्ञापन सौंपा। सचिव ने अधिकतर मांगों को जायज बताते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आंगनबाड़ी और क्रैच कर्मियों से नियमित ड्यूटी के अलावा बूथ लेवल अधिकारी की ड्यूटी, पल्स पोलियो अभियान, प्री-स्कूलिंग गतिविधियों समेत कई अन्य कार्य भी करवाए जा रहे हैं। इन अतिरिक्त जिम्मेदारियों को देखते हुए उन्हें पूर्णकालिक कर्मचारी मानकर केरल और पुडुचेरी की तर्ज पर डीसी रेट देने की मांग की गई। अंतिम निर्णय तक पंजाब और हरियाणा के आधार पर मानदेय में तत्काल बढ़ोतरी की मांग भी रखी गई।
कर्मियों ने क्षेत्र से बाहर ड्यूटी पर जाने के लिए निशुल्क बस पास और चिकित्सा सुविधाएं देने, गर्मी-सर्दी की छुट्टियां रोटेशन के आधार पर देने और मानदेय समय पर जारी करने की मांग की। वर्ष में दो वर्दियां देने की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा नियमों के अनुसार वर्कर्स और हेल्पर्स को पदोन्नति देने, पद समाप्त नहीं करने तथा बर्खास्त क्रैच कर्मियों को बहाल करने और सेवानिवृत्ति संबंधी आदेश रद्द करने की मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल में गोपाल दत्त जोशी, बिहारी लाल, रेखा गोरा, रेनू और अनीता खान सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।