किसान आंदोलन में शामिल होने जा रहे हिसार के छान गांव निवासियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोहतक के गांव खरावड़ पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली पलट गई। हादसे में छान गांव की सरपंच के जेठ राममेहर (45) की मौत हो गई। जबकि नौ घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस पीजीआई पहुंची। जहां घायलों के बयान लिए। इलाज के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आईएमटी थाना पुलिस को दी शिकायत में रामभगत ने बताया कि गांव छान बरवाला जिला हिसार का रहने वाला है। वह पेशे से किसान है। छह दिसंबर की रात को वह, सत्यजीत, दिलबाग, सतपाल, जगजीत, होशियार, राममेहर व गांव के ही अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर किसान आंदोलन में शामिल होने जा रहे थे।
सोमवार सुबह करीब आठ बजे जब वे रोहतक के गांव खरावड़ बाईपास पर पहुंचे तो उन्होंने लघुशंका के लिए ट्रैक्टर को साइड में रोक लिया। सभी उतरकर लघुशंका जाने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आया और सीधे ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई। हादसे में सभी को चोट लगी। जबकि राममेहर को बहुत ज्यादा चोट लगने की वजह उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
ये हुए घायल: संदीप, सतपाल, संजीत, विक्रम, दिलबाग, जगजीत, सुभाष, होशियार व विक्की घायल हुए हैं। सभी हिसार के गांव छान के ही रहने वाले हैं।
हादसा सोमवार की सुबह करीब आठ बजे हुआ है। घायल के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्जकर लिया है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। - एएसआई राजीव, खरावड़ चौकी प्रभारी।