चंडीगढ़। फैदां गांव में दो व्यक्तियों ने चार वर्षीय बच्चे का ऑटो में अपहरण कर लिया। बच्चे के पिता ने पुलिस को सूचना दी। सेक्टर 31 थाने में वेरान और अरगी नामक शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। हालांकि अगली सुबह बच्चे को उसके घर पहुंचा दिया गया।
बच्चे के पिता ने बताया कि वह फैदां में परिवार समेत रहता है। उसके दो बच्चे हैं। शनिवार रात उसके भाई के दोस्त वेरान और अरगी घर आए थे। सभी ने इकट्ठे शराब पी। इस दौरान उसके दोनों बच्चे ऑटो में थे। पिता ने आरोप लगाया कि दोनों शख्स उसके चार वर्षीय बेटे को ऑटो में लेकर फरार हो गए। जबकि दूसरे बेटे को उसने पहले ही उतार लिया था। रविवार सुबह आरोपी उसके बच्चे को घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस अब बच्चे का मेडिकल कराने में जुटी है।