नहाय-खाय के साथ बुधवार से छठ पूजा शुरू हो गई। ट्राइसिटी में छठ का व्रत रखने वालों ने बुधवार सुबह नहाकर मिट्टी के बर्तन में चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी का प्रसाद बनाया।
इसके इसके बाद पूजा की। वीरवार को खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।
व्रत रखने वाले खरना के दिन उपवास रखकर शाम को रोटी और चावल-गुड़ की खीर का प्रसाद अर्पण करने के बाद खुद ग्रहण करते हैं।
8 नवंबर की शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 9 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत खोला जाएगा।
वालंटियर भी तैनात होंगे
पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सेक्टर-42 स्थित न्यू लेक पर छठ पूजा के लिए चल रही तैयारियों का बुधवार को जायजा लिया।
न्यू लेक पर अस्थाई तौर पर बन रहे घाटों पर पूजा के लिए आने वाले व्रतियों को दिक्कत न हो, इसके लिए एसोसिएशन ने हर घाट पर पिछले साल की तरह वालंटियर तैनात करने का निर्णय लिया है।
प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की टंकियां लगा दी हैं और रोशनी का भी व्यापक इंतजाम किया गया है।
पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि न्यू लेक पर एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसलिए प्रशासन को यहां डस्टबिन की भी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि गंदगी न फैले।
सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त
सेक्टर-42 स्थित न्यू लेक पर आठ और नौ नवंबर को छठ पूजा के लिए सात घाट तैयार किए जा रहे हैं, जहां श्रद्धालु अर्घ्य देंगे।
चंडीगढ़ पुलिस ने भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने के लिए पार्किंग से लेकर ट्रैफिक संभालने तक के लिए डीएसपी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
ये पुलिसकर्मी लेक के चोरों तरफ भी ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे। इसके अलावा सुरक्षा के लिए तीन डीएसपी, पांच इंस्पेक्टर समेत 300 जवान तैनात किए गए हैं।
लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस के जवान सिविल ड्रेस में भी तैनात होंगे। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस, पीसीआर और रिजर्व फोर्स भी मुस्तैद रहेगी। सभी पुलिस जवान आठ नवंबर की दोपहर से लेकर नौ नवंबर को दोपहर तक न्यू लेक पर तैनात रहेंगे।