एक बार फिर खालिस्तान आतंकवादियों की मौजूदगी से पंजाब में दहशत का माहौल बन गया है और इसमें जैश-ए-मोहम्मद भी सहयोग कर रहा है। पाक से पंजाब में खतरनाक विस्फोटक पहुंचाने के पीछे जहां खालिस्तान आतंकवादी संगठनों का नाम आया है, वहीं यह बात भी सामने आई है कि जैश-ए-मोहम्मद और खालिस्तानी एक हो गए हैं।
एजेंसियों की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में खालिस्तानी आतंकवादी और जैश ए मोहम्मद के ट्रेनिंग कैंप एक साथ चलाए जा रहे हैं, जिसमें करीब 60 आतंकवादी ट्रेनिंग हासिल कर रहे हैं। इनको ट्रेंड करने के बाद घुसपैठ कर पंजाब भेजा जाएगा। एजेंसियों की इस सूचना के बाद बार्डर सिक्योरिटी फोर्स ने सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है।
भारत की खुफिया एजेंसियों ने जुलाई में ही खुलासा कर दिया था कि पाकिस्तान में खालिस्तान समर्थकों के करीब 24 सदस्यों को हथियार चलाने और बम बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ट्रेंड आतंकियों से कश्मीर और पंजाब में घुसपैठ करवाना ही पाक का मकसद है।