अपराध शाखा की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ड्रग सप्लायर खड़क बहादुर को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी हाल में पंजाब यूनिवर्सिटी और शहर के अन्य कॉलेजों में ड्रग सप्लाई करने वाले एमबीए के छात्र सेक्टर-51 निवासी तनुज गर्ग से मिली जानकारी के आधार पर हुई है।
खड़क बहादुर (63) मूलरूप से नेपाल का रहने वाला है और मौजूदा समय में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मनीकरण में गांव नखटां में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से पांच किलो चरस बरामद की है। उसके खिलाफ एडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। खड़क चरस का मुख्य सप्लायर बताया जा रहा है।
इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह के मुताबिक, खड़क बहादुर कुल्लू में जंगली इलाके में चरस की पैदावार करता था और जब चरस की फसल पक जाती थी तो नेपाल से लेबर मंगवा कर उसकी कटाई करवा देता था। इसके बाद वह ग्राहकों को चरस बेचता था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर उसका रिमांड लिया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि वह ट्राइसिटी में कहां-कहां और किसे ड्रग सप्लाई करता था।
तीन दिसंबर को आरोपी तनुज की गिरफ्तारी की गई थी। उसके कब्जे से पुलिस ने 110 ग्राम चरस बरामद की थी। सेक्टर-49 थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसका तीन दिनों का रिमांड हासिल किया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने जानकारी जुटा कर कुल्लू में रेड की थी।