दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को अमृतसर में साल 2017 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुहिम के तहत पार्टी का यूथ मेनिफेस्टो जारी करेंगे।
दिल्ली से अमृतसर पहुंचने के बाद केजरीवाल सबसे पहले श्री दरबार साहिब और दुर्ग्याना मंदिर में माथा टेकेंगे। इसके बाद वे रणजीत एवेन्यू पहुंचेंगे, जहां वह आम आदमी पार्टी (आप) का यूथ मेनिफेस्टो जारी करेंगे। पार्टी प्रवक्ता के अनुसार यह मेनिफेस्टो केवल एक कागजी दस्तावेज ही नहीं होगा, बल्कि युवाओं और आम आदमी पार्टी के बीच एक समझौता होगा, जो पंजाब में सत्ता पर काबिज होने के अगले पांच सालों में लागू किया जाएगा।
चुनावी दस्तावेज में बेरोजगारी, नशे की समस्या और शिक्षा समेत नौजवानों की विभिन्न समस्याओं का हल निकालने की कोशिश होगी। आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल इस बार पंजाब दौरे पर तीन दिन रहेंगे। इस दौरान वह गुरदासपुर, जालंधर और लुधियाना के अलावा खन्ना और मालेरकोटला जैसे शहरों में भी जाएंगे। इस बीच वह लोगों से रूबरू होकर उनकी नब्ज टटोलने की कोशिश करेंगे।