-मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद हरियाणा में प्रचार को देंगे धार
मूल रूप से हरियाणा निवासी होने के नाते वोट बैंक को साधने की कोशिश करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आबकारी नीति घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद मुख्यमंत्री का पद छोड़कर अब दिल्ली के अरविंद केजरीवाल हरियाणा के विधानसभा चुनाव पर फोकस करेंगे। रणनीति के तहत वह यहां इमोशनल कार्ड खेलेंगे। एक तो केजरीवाल मूलरूप से हरियाणा के रहने वाले हैं, दूसरा जेल में रहने के बाद सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद वह मतदाताओं की सहानुभूति हासिल करने की कोशिश करेंगे।
कांग्रेस से गठबंधन नहीं होने की सूरत में इस बार आम आदमी पार्टी हरियाणा की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। प्रत्याशियों को मैदान में उतारकर आप नेताओं ने प्रचार तेज कर दिया है। हालांकि, जमीनी स्तर पर मजबूत संगठन नहीं होने के चलते आम आदमी पार्टी के लिए यह चुनाव इतना आसान नहीं है। लेकिन केजरीवाल के बाहर आने के बाद आप नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं। दो दिन के बाद मुख्यमंत्री पद छोड़कर केजरीवाल सीधे हरियाणा का रुख करेंगे। संभावना है कि केजरीवाल की हरियाणा में 5 से 6 बड़ी रैलियां होंगी और दर्जनभर से अधिक रोड शो होंगे। इससे पहले केजरीवाल की पत्नी भी अरविंद को हरियाणा का लाडला कहकर हरियाणा के लोगों को साधने की कोशिश कर चुकी हैं। अब खुद केजरीवाल हरियाणा के दौरे पर रहेंगे तो लोगों से भावुक अपील करेंगे। इनके अलावा, पंजाब और दिल्ली में आप की सरकार द्वारा कराए जा रहे कार्यों का भी बखान करेंगे। केजरीवाल मुख्य रूप से शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ मुफ्त बिजली-पानी को मुद्दा बनाने की कोशिश करेंगे।