इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक कश्मीरी छात्र द्वारा किसी अन्य कश्मीरी छात्र के आधार कार्ड का प्रयोग करके एयर टिकट बुक करने का मामला सामने आया है। एयरपोर्ट थाने की पुलिस ने इस मामले में आबिद बशीर लोन निवासी बारामूला के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुधवार अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
आबिद बशीर लोन राजपुरा के पास स्थित एक प्राइवेट कॉलेज में नर्सिंग का छात्र था। वह मोहाली से कश्मीर जाने की तैयारी में था। पुलिस के मुताबिक एयरपोर्ट पर टिकट लेते समय उसने एक अन्य छात्र आबिद के आधार कार्ड का प्रयोग किया। इतना ही नहीं उक्त आधार कार्ड पर उसने फोटो भी अपनी लगाई हुई थी जबकि उक्त आधार कार्ड कुपवाड़ा निवासी का था।
उसने गलत आधार कार्ड से अपनी टिकट बुक करवाई थी। जब कस्टमर मैनेजर ने दस्तावेज चेक किए तो उसकी पोल खुल गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया कि उसने ऐसा क्यों किया।
वहीं, मोहाली पुलिस की तरफ से इस संबंध में जम्मू-कश्मीर की पुलिस को सूचित कर दिया है। साथ ही उस संबंधी सारा रिकॉर्ड मांगा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक गंभीर मामला है। इसकी जांच चल रही है।