भारत-पाक सीमा पर बनने जा रहे करतारपुर कॉरिडोर के लिए सड़क पर मिट्टी डालने का काम कंस्ट्रक्शन कंपनी सीगल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने शुरू कर दिया। कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट जतिंदर ने भूमि पूजन के बाद नारियल फोड़कर काम की शुरुआत की। इसके बाद मौजूद सभी लोगों को प्रसाद बांटा गया। इस दौरान जतिंदर सिंह ने कहा कि वह किसानों का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने अपनी कच्ची फसलों पर उन्हें जेसीबी चलाने और काम शुरू करने की अनुमति दी।
हालांकि सरकार कच्ची फसलों का मुआवजा किसानों को दे रही है। फिर भी पकने को आई फसल उजाड़ देना भी किसानों के लिए हिम्मत का काम है। जतिंदर सिंह ने बताया कि मिट्टी डालने का काम शुरू कर दिया गया है। दो महीने के अंदर मानसून से पहले मिट्टी डालने का काम पूरा हो जाएगा। संभव है कि सितंबर से पहले ही रोड बनकर तैयार हो जाएगा। भारत-पाक सीमा की फेंसिंग के ऊपर से जीरो लाइन तक जो ब्रिज बनेगा, उसका काम भी शुरू कर दिया जाएगा।
करतापुर कॉरिडोर रोड फोर लाइन होगी। उन्होंने यह भी बताया कि इंटिग्रेटेड चेक पोस्ट के काम के लिए नौ अप्रैल को लैंडपुट ऑफ अथॉरिटी की ओर से टेंडर लगाया जाएगा और 15 अप्रैल से पहले इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस अवसर पर नरेंद्र सैणी प्रोजेक्ट मैनेजर, अजीत पाल सिंह तालमेल अफसर, कनवर कोहली तालमेल हेड, अमर सिंह रंधावा इंजीनियर मौजूद थे।