संत रामपाल को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में 10 नवंबर को गिरफ्तार कर पेश करने के मामले को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। पुलिस प्रशासन ने 10 अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों सहित विभिन्न जिलों से 35 कंपनियां हिसार बुला ली हैं। इनमें 15 कंपनियां प्रदेश के विभिन्न जिलों की हैं और 10 कंपनियां हिसार रेंज की हैं। कंपनियों के नेतृत्व के लिए 10 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
अग्निशमन यंत्र, क्रेन और एंबुलेंस लगाई
पुलिस ने न्यू पुलिस लाइन एरिया में कानून व्यवस्था बनाए रखने, सरकारी संपत्ति को नुकसान से बचाने और किसी अनहोनी से निपटने के लिए अपने स्तर पर पूरे प्रबंध किए हुए हैं। पुलिस ने इसके लिए अग्निशमन यंत्र, क्रेन और एंबुलेंस तैनात कर दी हैं। जरूरत पड़ने पर इन सभी की सेवाएं ली जा सकेंगी।
बरवाला चारों ओर से सील
पुलिस ने बरवाला को चारों तरफ से नाकेबंदी कर सील कर दिया गया है। पुलिस ने गांव गैबीपुर, बरवाला में बनभौरी रोड टी-प्वाइंट, बरवाला में अग्रोहा रोड टी-प्वाइंट, बरवाला में हांसी रोड जींद टी-प्वाइंट, सुरेवाला चौक आदि पांच जगह नाके लगाए हैं।
प्रशासन ने रूट किए डायवर्ट
पुलिस सूत्रों की मानें तो संत रामपाल की गिरफ्तारी कर उन्हें कोर्ट में पेश करने की कानूनी प्रक्रिया के दौरान कोई भी अनहोनी हो सकती है। इसके लिए पुलिस की ओर से यातायात को सुचारु रूप से चलाने के लिए यातायात को विभिन्न रूटों से डायवर्ट किया जाएगा। हिसार-चंड़ीगढ़ रोड पर जाने वाले वाहनों को बरवाला से पहले गांव खेदड़, दौलतपुर, उकलाना होते हुए और हांसी की तरफ से आने वाले वाहनों को जींद रोड से तथा सुरेवाला चौक से हिसार जाने के लिए उकलाना, दौलतपुर, खेदड़ से होते रूट डायवर्ट किए जाएंगे।
यह है मामला
संत रामपाल 14 जुलाई को हिसार अदालत में पेशी पर आए थे। उन्हें वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से रोहतक कोर्ट की पेशी भुगतानी थी। इस दौरान उनके अनुयायियों ने कोर्ट के वकीलों को साथ अभद्र व्यवहार किया और उनके साथ हाथापाई तक कर डाली थी। घटना के विरोध में वकीलों ने पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट चंडीगढ़ में कंटेम्पट ऑफ कोर्ट का मामला डाल दिया। इस मामले में संत रामपाल हाई कोर्ट में दो बार पेश नहीं हुए। इस कारण हाई कोर्ट नेपांच नवंबर को संत के लिए गैर जमानती वारंट जारी कर दिए। कोर्ट ने संत को हर हाल में 10 नवंबर को पेश होने के आदेश दिए हैं।
वर्जन
हाई कोर्ट चंडीगढ़ में संत रामपाल को पेश करने के मामले को लेकर विभाग द्वारा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कंपनियां बुलाई गई हैं। असामाजिक तत्व यातायात अवरुद्ध न कर पाए और सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचा पाए, इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है।
सतेंद्र कुमार गुप्ता, एसपी हिसार