देश के सबसे स्वच्छ शहर माने जाने वाले इंदौर की तर्ज पर जल्द ही करनाल की ट्रैफिक व्यवस्था भी स्मार्ट होने जा रही है। यह संभव होगा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत होने वाले एडॉपटिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम (एटीसीएस) के माध्यम से। इसके तहत शहर के 28 चौकों पर 400 से ज्यादा स्मार्ट ट्रैफिक लाइट और कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों और लाइटों को लगाने का काम शुरू हो चुका है, दिसंबर माह तक काम पूरा होने की उम्मीद है।
प्रोजेक्ट पर काम कर रहे ऑनिक्स कंपनी के इंजीनियर गौतम कुमार के अनुसार, अभी जो ट्रैफिक सिग्नल लगे हैं, वो नॉर्मल वाले ट्रैफिक इंफोर्समेंट सिस्टम हैं। इन सिग्नलों की टाइमिंग भी सेट करनी पड़ती है, इस कारण हर चौक पर ट्रैफिक लोड अलग-अलग होने के कारण जाम की स्थिति भी बनती है, लेकिन नई तकनीक के इस सिस्टम में यह समस्या खुद खत्म हो जाएगी। स्मार्ट सिग्नल ट्रैफिक के दबाव को समझते हुए खुद तय करेंगे कि किस लेन को हरी बत्ती दिखानी है तो किसे लाल।
यानी वन साइड ट्रैफिक क्लीयर होने के बाद भी अभी जहां हम बत्ती हरी होने के इंतजार में खड़े रहते है, फिर ऐसे खड़े नहीं रहना होगा। ट्रैफिक लाइटों का सेंसर खुद टाइमिंग एडजेस्ट कर, एक लेन खाली होने पर दूसरी लेन को चला देगा। वहीं इसके लगने के बाद कोई भी वाहन चालक ट्रैफिक नियम भी नहीं तोड़ पाएगा। लाल बत्ती होने की सूरत यदि वाहन जैबरा क्रॉसिंग पर या इससे आगे भी निकला, तो कैमरा खुद वाहन का नंबर स्कैन कर चालान करेगा। ये कैमरे यह भी रिकॉर्ड रखेंगे कि किस चौक से कितने और किस श्रेणी के वाहन गुजरे।
शहर के इन 28 चौकों पर होगी स्मार्ट ट्रैफिक व्यवस्था
- नए शामिल किए 19 चौक : एनडीआरआई चौक, आंबेडकर चौक, काछवा नहर पुल चौक, कैथल नहर पुल चौक, हांसी चौक, निरंकारी भवन चौक, विश्वकर्मा चौक, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल चौक रेलवे रोड, कमेटी चौक, गिरदा पीर चौक, ब्रह्मानंद चौक, लघु सचिवालय टी प्वाइंट, सेक्टर-9 टी प्वाइंट, शहीद उधम सिंह चौक, नूर महल चौक, साईं बाबा मंदिर चौक, इरीगेशन रेस्ट हाउस चौक मेरठ रोड, नेशनल हाइवे पर नमस्ते चौक और लिबर्टी चौक।
- पुराने 9 चौक, जहां लाइटें बदली जाएंगी : नेशनल हाईवे पर बलड़ी बाईपास चौक, आईटीआई चौक, निर्मल कुटिया चौक, गवर्नमेंट कॉलेज चौक और ताऊ देवी लाल चौक व शहर में महात्मा गांधी चौक, शहीद मदन लाल ढींगड़ा चौक सेक्टर-12, सेक्टर-14 हरियाणा नर्सिंग होम के नजदीक और पुरानी सब्जी मंडी चौक।
क्राइम ट्रेसिंग से अपराधी पकड़ना होगा आसान: डीसी
इस प्रोजेक्ट से ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी, जाम से निजात मिलेगी और लोग भी यातायात नियमों का पालन करेंगे। किसी एक साइड में ट्रैफिक ज्यादा है, तो ट्रैफिक लाइटें उसे निकालने के लिए उतना ही टाइम कंज्यूम करेंगी। चौक पर कोई एक्सीडेंट होने पर उसकी इमेज या कोई संदिग्ध वस्तु रखी होगी, तो उसका अलर्ट भी आईसीसीसी यानी इंटिग्रेटिड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में पहुंचेगा। क्राइम ट्रेस करने में मदद मिलेगी, क्योंकि इस सिस्टम में वाहन नंबर हॉट लिस्टिंग का प्रावधान भी होगा। इससे जिस रूट पर गाड़ी गुजरेगी, वहां पर ट्रेस हो जाएगी और अपराधी पकड़े जाएंगे।
- निशांत कुमार यादव, डीसी करनाल