पंजाब की बेटी गौरों को सर्वसांझीवालता का पाठ पढ़ा रही है। श्वेत-अश्वेत का भेद मिटाकर एशियन कम्यूनिटी से जुड़े यूथ को उभरते नेतृत्व के रूप में पेश करने के लिए आस्ट्रेलियन सरकार ने मल्टीकल्चरलिज्म अवार्ड से सम्मानित किया है। यह अवार्ड उस नए उभरते नेतृत्व कुशलता वाले यूथ को दिया जाता है, जो मल्टीकल्चर को एक साथ आगे बढ़ाने के लिए बेहतरीन ढंग से काम करता है।
आस्ट्रेलिया के विक्टोरिया एसी की गवर्नर लिंडा डिसाऊ ने बीते 13 सितंबर को कपूरथला के कस्बा काला संघिया की नैंसी लूंबा को मल्टीकल्चरलिज्म अवार्ड से सम्मानित किया है। कपूरथला के काला संघिया निवासी विपन कुमार और पूनम की सबसे छोटी 24 वर्षीय बेटी नैंसी की इतनी बड़ी उपलब्धि के लिए माता-पिता उसके सम्मान समारोह के गवाह बने हैँ।
दोनों इस समय अपनी बेटी के पास आस्ट्रेलिया में हैं। दो बड़े भाइयों की लाडली बहन नैंसी जहां स्टूडेंट्स के तौर पर पढ़ाई करने के साथ-साथ नेशनल आस्ट्रेलिया बैंक में पीपुल लीडर के तौर पर कार्य कर रही हैँ। उसके साथ ही नैंसी आस्ट्रेलियन फुटबाल लीग, विक्टोरिया क्रिकेट और कॉमनवेल्थ गोल्ड कोस्ट गेम्स-2018 की मल्टीकल्चरल कम्यूनिटी अंबेसडर हैं। 2012 से आस्ट्रेलिया में रह रही नैंसी अपना नॉन प्रोफिट आर्गनाइजेशन फाक्सिंग फ्रेमिंग कम्यूनिटी पार्टिसिपेशन इन कार्पोरेशन को चला रही हैं।
नैंसी लूंबा
साथ ही वह ब्रदर्स एंड सिस्टर्स फाउंडेशन की मीडिया मैनेजर भी हैं। फोन पर बातचीत के दौरान नैंसी बताती हैं कि वह आस्ट्रेलिया में खेल, यूथ, हेल्थ, कल्याणकारी क्षेत्रों में विविधता लाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्हें यह अवार्ड स्वास्थ्य और कल्याणकारी परियोजनाओं जैसे ऑटिज्म, मानसिक स्वास्थ्य, विकलांगता और रोजगार में उम्दा सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है, क्योंकि वह चाहती हैं कि आस्ट्रेलिया को केवल गौरों के लिए नहीं, बल्कि वहां बसकर वहां की आर्थिकता में अहम योगदान निभाने वाले भारतीय, पाकिस्तानी, नेपाली और अफ्रीकन को भी भागीदारी मिलनी चाहिए।
भारत से विदेश आने वाले युवाओं के नाम संदेश में नैंसी ने कहा कि युवा स्किल सेट लेवल के साथ अगर विदेशी आते हैँ तो यहां आकर उन्हें विदेशी सरकारें हाथों-हाथ लेंगी, क्योंकि यहां पर स्किल्स की बहुत कीमत हैं। इनके बिना यहां आने अपने माता-पिता की खून-पसीने से अर्जित की कमाई को बर्बाद करने के तुल्य है। नैंसी को एंथनी हावर्ड क्यूसी, मल्टीकल्चरल एंड फाइनांस मंत्री रोबिन स्कॉट, विक्टोरिया मल्टीकल्चरल कमिशन की चेयरपर्सन हेलेन कापालोस, एक्टिंग चीफ कमिश्नर विक्टोरिया पुलिस एंड्रयू क्रिस्प की मौजूदगी में इस गौरवशाली अवार्ड से नवाजा गया।