पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
- फोटो : अमर उजाला
कालका के परेड मोहल्ले में सोमवार सुबह घर में रेलवे कर्मचारी श्याम लाल का शव मिलने के बाद से ही पुलिस घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच कर रही है। सूत्रों की माने तो पुलिस के हाथ कई अहम सुराग भी लगे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही डीसीपी अनिल धवन खुद मामले की मॉनीटरिंग कर रहे है। मंगलवार को भी डीसीपी कालका थाने में सुबह ही पहुंच गए और देर शाम तक घटना से जुड़े तथ्यों का बारीकी से जांचते नजर आए।
एसीपी ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
मंगलवार को घटना स्थल के आसपास की दुकानों पर एसीपी राजेश कुमार सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालते दिखे। इस दौरान एसीपी ने हर एंगल से फुटेज देखे। एसीपी राजेश कुमार ने बताया कि जल्द ही मामले को सॉल्व कर दिया जाएगा।
परिवार के सदस्यों से की पूछताछ
कालका थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि मामले को लेकर डीसीपी, एसीपी, सीआईए पूरी तरह चौकस है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मृतक के परिवार वालों से भी गहन पूछताछ की गई। सुरजीत सिंह ने बताया कि हत्याकांड को सुलझाने के लिए हरसंभव कोशिश जारी है।
हत्या के दौरान कोई आवाज न होना कैसे संभव है
परेड मोहल्ले में दिन दहाड़े खून से लथपथ श्याम लाल का शव मिलने से स्थानीय लोगों सहित शहरवासी व दुकानदार चर्चा कर रहे हैं कि दिन दहाड़े हुए इस हत्याकांड में किसी प्रकार का कोई शोर या आवाज न होना कैसे संभव है। लोगों ने बताया कि श्यामलाल शरीर से हष्टपुष्ट था और इतनी जल्दी किसी के काबू आने वाला नहीं था, लेकिन इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी किसी प्रकार की कोई आवाज या शोर आस पड़ोस में भी नहीं सुनाई दी हो यह कैसे हो सकता है। पुलिस भी इस पहलू को गहनता से साथ देख रही है।