पंजाब में एक बार फिर कबड्डी का महाकुंभ लगेगा। छठा विश्व कबड्डी कप 3 से 17 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसका आगाज रोपड़ और समापन जलालाबाद में होगा।
डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने टूर्नामेंट की प्रबंधक कमेटी की बैठक के दौरान समय सारिणी को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि मैच 14 जिलों में कराए जाएंगे, जिनमें 14 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। पुरुष वर्ग में 12 और महिला वर्ग में 8 टीमें हिस्सा लेंगी। पुरुष वर्ग की विजेता को दो करोड़ और महिला वर्ग की विजेता को एक करोड़ का इनाम दिया जाएगा।
उन्होंने डोप टेस्ट केलिए चालीस लाख रुपये मंजूर किए। डोप विरोधी कमेटी का भी गठन किया गया। अधिकारियों को नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी से तालमेल करने को कहा गया। अधिकारियों को सुरक्षा, ट्रांसपोर्ट और खिलाड़ियों की रिहायश के इंतजाम करने को कहा गया।
डिप्टी सीएम ने कहा कि पंजाब पहला राज्य है, जिसने खेलों को प्रोत्साहन देने को विशेष फंड स्थापित किया है। कबड्डी मुकाबलों की सफलता से इसका प्रारूप विश्वस्तरीय हो गया है। बैठक में पंजाब कबड्डी एसोसिएशन के प्रधान सिकंदर सिंह मलूका, प्रमुख सचिव पीएस औजला, डीपी रेड्डी व अनिरुद्ध तिवारी, एडीजीपी हरदीप ढिल्लों भी मौजूद थे।