कैप्टन सरकार में भी किया था आवेदन, पूर्व राज्यपाल पुरोहित के समय हुई थी राजभवन में नियुक्ति
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। 1993 बैच के आईएएस ऑफिसर के शिव प्रसाद ने वॉलंटरी रिटायरमेंट की मांग की है। पंजाब सरकार ने उनकी अर्जी स्वीकार कर ली है। उनकी यह अर्जी अब केंद्र के परसोनल विभाग को मंजूरी के लिए भेज दी गई है।
पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में भी आईएएस के शिव प्रसाद ने वॉलंटरी रिटायरमेंट की मांग की थी। आईएएस के शिव प्रसाद पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। पहली बार जब उन्होंने वॉलंटरी रिटायरमेंट की अर्जी भेजी थी, तब कैप्टन सरकार ने उन्हें रोक लिया था। वॉलंटरी रिटायरमेंट की दूसरी बार अर्जी देते समय भी सीएम भगवंत मान ने उन्हें इसके लिए मना किया था, सीएम के मना करने के बावजूद उन्होंने सरकार को यह अर्जी भेज दी है।
दरअसल सीएम चाहते थे कि राज्य सरकार के अनुभवी अफसरों को ऐसा करने से रोका जाए। सूत्रों की मानें तो वह राजनीति में भी कदम रख सकते हैं। वह लोकसभा के पूर्व स्पीकर जीएमसी बालयोगी के रिश्तेदार हैं।
बता दें आईएएस के शिव प्रसाद की रिटायरमेंट सर्विस रूल्स के मुताबिक 2030 में होनी है। करीब पांच साल पहले यह कदम उठाने के पीछे एक और कारण यह है कि वह कई किताबें लिखना चाहते हैं। पंजाब के पूर्व राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के समय आईएएस के शिव प्रसाद की अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में पंजाब राजभवन में नियुक्ति हुई थी। पंजाब सरकार ने राखी गुप्ता भंडारी के स्थान पर के शिवा प्रसाद को नियुक्त किया था। राखी गुप्ता भंडारी को 13 नवंबर, 2022 को इस पद पर नियुक्त किया गया था।