हरियाणा में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम क्षेत्र के विकास और रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए क्लस्टर विकास योजना के तहत सार्वजनिक निजी भागीदारी मोड में क्लस्टर सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। सुविधा केंद्र स्थापित करने के लिए ऐसे 29 क्लस्टर की पहचान की गई है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि 19 क्लस्टर के संबंध में अध्ययन रिपोर्ट तैयार करके मंजूरी के लिए केंद्र्र सरकार के पास भेजी गई। केंद्र ने कलस्टर सुविधा केंद्र स्थापित करने के लिए बहादुरगढ़, पानीपत, सोनीपत और करनाल में ऐसे छह कलस्टर्स को मंजूरी दी है।
चार और क्लस्टर सुविधा केंद्रों को निकट भविष्य में मंजूर किए जाने की संभावना है। इस पहल का उद्देश्य सामाजिक पूंजी विकास है, ताकि सामूहिक प्रयास को मजबूत किया जा सके। जिससे अर्थव्यवस्था के विकास, ऋण सुविधा, तकनीकी अध्ययन, ब्रांड विकास और मार्केटिंग की सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि फुटवियर कलस्टर, बहादुरगढ़ और प्रिंट एवं पैक क्लस्टर, करनाल में क्लस्टर सुविधा केंद्र स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार से तीन करोड़ रुपये का सहयोग दिया गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा आईएमटी, रोहतक में 19.8 एकड़ में और औद्योगिक विकास केंद्र, साहा में दस एकड़ क्षेत्र में टूल रूम या प्रौद्योगिकी केंद्र परियोजना स्थापित की जा रही है। प्रत्येक परियोजना पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का निवेश होगा।