हरियाणा में भाजपा के साथ सरकार बनाने के बाद जजपा अब दिल्ली में भी जोर लगाएगी। अगले सप्ताह दिल्ली में होने वाली विधानसभा चुनाव के लिए जजपा ने कमर कस ली है। जजपा ने फैसला लिया है कि वे इस चुनाव में अपने घोषणा पत्र के साथ उतरेगी और हरियाणा से सटे दिल्ली के विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी उतारेगी।
इतना ही नहीं चूंकि भाजपा हरियाणा में जजपा की सहयोगी पार्टी है। इसलिए अगर दिल्ली चुनाव को लेकर भाजपा की ओर से कोई प्रस्ताव आता है, तो जजपा अपने इस निर्णय पर पुनर्विचार कर अगला फैसला लेगी। जजपा ने इस संदर्भ में अंतिम फैसला लेने का अधिकार जजपा संस्थापक पूर्व सांसद डा. अजय चौटाला पर छोड़ा है।
इसी संदर्भ में शनिवार को नई दिल्ली में जजपा की दिल्ली चुनाव समिति की बैठक भी हुई। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री व जजपा दिल्ली के प्रभारी दुष्यंत चौटाला ने समिति के साथ बैठक कर दिल्ली चुनाव पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इसी बैठक में सभी की सहमति से पार्टी ने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।
इसके लिए हरियाणा विधानसभा चुनाव में घोषणा पत्र तैयार करने वाली कमेटी को ही दिल्ली चुनाव का घोषणा पत्र तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं इसके अलावा उम्मीदवारों के चयन के लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में जोन वाइज 5 अलग-अलग कमेटियां भी गठित की है।
प्रत्याशियों के चयन के लिए बनाई गई कमेटियों में पहली कमेटी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हर्ष कुमार के नेतृत्व में फरीदाबाद जिले के पदाधिकारियों की टीम बनाई गई है जो फरीदाबाद जिले के साथ लगते दिल्ली के विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार ढूंढेगी।
वहीं राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. केसी बांगड़ के नेतृत्व में सोनीपत, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनंतराम तंवर के नेतृत्व में गुरुग्राम, इनसो राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में झज्जर-बादली, संगठन सचिव राजेंद्र लितानी के नेतृत्व में बहादुरगढ़ के साथ लगते दिल्ली के क्षेत्रों में उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। सभी कमेटियों में इन जिलों के पदाधिकारी भी विशेष तौर पर कार्य करेंगे।
बैठक के बाद जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने बताया कि जननायक जनता पार्टी ने बैठक कर सभी की सहमति से दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव को लड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव के मैदान में जजपा गरीबों, मजदूरों, किसानों के हकों की लड़ाई लड़ते हुए मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। चुनाव के लिए बनाई गई समितियां अगले तीन दिनों में अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली युगपुरुष चौधरी देवीलाल जी की कर्मभूमि रही है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि हरियाणा में बीजेपी के साथ जेजेपी का मौजूदा गठबंधन की सरकार है ,इसलिए जजपा गठबंधन धर्म निभाते हुए बीजेपी का सम्मान करती है। वहीं उन्होंने कहा कि गठबंधन के विषय पर भाजपा के साथ कोई बातचीत होती है तो पार्टी दोबारा से बैठक कर उस पर चर्चा करेगी। उन्होंने कहा कि इस विषय में अंतिम फैसला पार्टी संस्थापक डॉ. अजय सिंह चौटाला लेंगे।