विधायक रामकुमार गौतम, दुष्यंत चौटाला।
जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने बागी तेवर अख्तियार करने वाले अपने विधायक रामकुमार गौतम के खिलाफ कड़ा रुख अपना लिया है। पार्टी ने उन्हें शुक्रवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्हें दो सप्ताह में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी। पार्टी प्रवक्ता दीपकमल सहारण ने नोटिस जारी करने को लेकर गोलमोल जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि यह जजपा का आंतरिक मामला है। जजपा के महासचिव डॉ. केसी बांगड़ के अनुसार गौतम पर आरोप है कि उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के खिलाफ नकारात्मक टिप्पणी की हैं। याद रहे कि रामकुमार गौतम का विधायकों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन 22 जनवरी को हरियाणा विधानसभा में दुष्यंत व जजपा पर नकारात्मक टिप्पणी करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। इससे पहले भी वे पार्टी व दुष्यंत पर अनेक आरोप लगा चुके हैं।
गौतम बीते कई महीनों से बगावती तेवर अपनाए हुए हैं। विधानसभा के बीते सत्र में जब दुष्यंत अपने विधायकों से रूबरू हुए थे, तब भी गौतम ने उनसे दूरी बनाए हुई थी। उधर, जजपा के भीतर उपजे विवाद पर विपक्ष रोजाना तंज कस रहा है। इनेलो विधायक अभय चौटाला तो यह तक कह चुके हैं कि जल्दी भाजपा व जजपा का विलय हो जाएगा।