मतदाताओं का मतदान के प्रति अच्छा खासा उत्साह नजर आया। मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लगी नजर आने लगीं। महिला मतदाताओं की लाइनें भी सुबह ही काफी लंबी लग गई थीं। कई मतदान केंद्रों में मतदाताओं की भीड़ के चलते शाम को सात बजे तक मतदान प्रक्रिया चली। जींद उपचुनाव में 75.77 प्रतिशत मतदान हुआ।
जलालपुर कलां में 146 नंबर बूथ पर वीवपैट मशीन हुई खराब
जलालपुर कलां गांव में बूथ नंबर 146 पर वीवपैट मशीन खराब होने के कारण लगभग दो घंटे मतदान रुका रहा। सुबह आठ बजे मशीन खराब हुई जो दस बजे बदली गई। इसी प्रकार हिंदू कॉलेज के बूथ पर भी वीवपैट खराब हुई। 40 मिनट के बाद उसे बदला गया। जलालपुर खुर्द में भी लगभग दो घंटे तक वीवपैट मशीन खराब रही। इससे मतदान प्रभावित हुआ।
मतदान के दौरान जलालपुर खुर्द व कंडेला गांव में कार्यकर्ताओं के बीच थोड़ी बहुत कहासुनी होने का समाचार मिला है लेकिन पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर दोनों जगह स्थिति को नियंत्रित कर लिया। बाकि अन्य जगहों पर शांति पूर्वक मतदान हुआ।
रूपगढ़ गांव में आजाद प्रत्याशी ने लगाए मशीन सही काम नहीं करने के आरोप
रूपगढ़ गांव के बूथ नंबर 19ए में पहुंचे आजाद प्रत्याशी मांगेराम ने जब ईवीएम की जांच की तो पाया कि उसके चुनाव चिह्न के सामने वाला बटन दब ही नहीं रहा है। इस पर जब मांगेराम ने एतराज जताया तो चुनाव आयोग की टीम को मौके पर भेजा गया। चुनाव आयोग की टीम ने रिपोर्ट निर्वाचन अधिकारी को दी है। वहीं निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र सहरावत के अनुसार इस मामले की जांच की जा रही है।