मतदान केंद्र के बाहर तैनात पुलिसकर्मी
फायरिंग के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। इसी तरह बस्ती अजीज वाली में शरारती तत्वों ने फायरिंग कर दी और अकाली दल के वर्करों की दो कारें तोड़ दी। गांव वजीदपुर के बूथ नंबर-67,68 व 69 में कैपचरिंग का प्रयास किया गया, जब पत्रकारों ने फोटो खींची तो उनके कैमरे लेकर डलीट कर दी। इसी तरह गांव झोंक हरिहर में अकाली दल और कांग्रेसी वर्करों के बीच जमकर पथराव हुआ, इस दौरान लगभग बीस लोगों के जख्मी होने की खबर है।
ममदोट के बस्ती गुलाब सिंह वाली में अकाली-कांग्रेसी आपस में भिड़ गए, जिस कारण आधा घंटा मतदान रुका रहा। घल्लखुर्द के बूथ-97 से शरारती तत्व सौ बैलेट पेपर लेकर भाग गए और गांव लीले वाला में पचास जाली वोटें डाले जाने की खबर है। उधर, जलालाबाद में जानीसर के पांच गांवों में बैलेट पेपर गलत छपने से मतदान रोक दिया। गांव चक जानीसर, जानीसर तंबू वाला, रतथेड़े तेलूपुरा में अकाली प्रत्याशी की जगह कांग्रेसी उम्मीदवार का नाम और कांग्रेसी उम्मीदवार की जगह अकाली प्रत्याशी का नाम छपा था।
मतदान केंद्र के बाहर तैनात पुलिसकर्मी
मुक्तसर जिले के हलका गिद्दड़बाहा के गांव गिलजेवाला में चुनाव दौरान शिअद व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा। गिलजेवाला में मतदान केंद्र के गेट के अंदर घुसते ही शिअद के हलका प्रभारी हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों व उनके भाई की कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ झड़प हो गई। झड़प के दौरान पुलिस ने डिंपी ढिल्लों पक्ष को मतदान केंद्र से बाहर निकाला। जिस पर गेट के बाहर आते ही फिर झड़प हो गई।
इस दौरान अज्ञात लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में पुलिस की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। मौके पर पहुंचे एसपी (डी) रणवीर सिंह ने कहा कि उन्हें बूथ कैप्चरिंग की सूचना मिली थी। यहां आकर देखा तो करीब 100 से ज्यादा लोग स्कूल में बने केंद्र पर दाखिल थे जो मतदान में विघ्न डाल रहे थे। करीब 25 लोगों को इनमें से गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले की जांच चल रही है। इसी तरह गांव बादियां में भी बूथ कैप्चरिंग को लेकर शिअद-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। इस दौरान हुई झड़प में जालंधर सिंह नामक शिअद कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल भी हो गया। मौके पर पहुंचे डीएसपी गुरतेज सिंह ने बताया कि यहां कार्यकर्ताओं में मामूली झड़प हुई थी। झड़प के करीब बीस मिनट बाद मतदान फिर से शुरू हो गया। जबकि डिंपी ढिल्लों का कहना था कि कांग्रेसियों ने इस बूथ पर कब्जे की कोशिश की थी और कांग्रेसियों ने जाली वोटें डाली। उन्होंने इस बूथ पर दोबारा मतदान की मांग उठाई।
- लुधियाना में 3 बजे तक 47 फीसदी मतदान की खबर। 4 बजे तक बरनाला में 38 प्रतिशत मतदान।
- फतेहगढ़ साहिब में 2 बजे तक 46 प्रतिशत मतदान। कपूरथला में 42 प्रतिशत वोटिंग। वहीं गुरदासपुर में 36 फीसदी मतदान।
- फतेहगढ़ साहिब के चनार्थल कलां गांव में वोट डालने आए 44 वर्षीय व्यक्ति की हार्ट अटैक से मौत। मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई।
-धरकलां ब्लॉक के बिरकुली सीट पर गांव के लोगों ने चुनाव का बहिष्कार किया। वहीं होशियारपुर में भी 26 प्रतिशत मतदान। गुरदासपुर में भी 26 फीसदी मतदान।
-पठानकोट में 12ः30 तक 12 फीसदी मतदान।
- फिरोजपुर के गांव ढीढसा में जिला परिषद व बालक समिति के मतदान के दौरान गोली चली। वहीं गांव वजीदपुर में बूथ कैपचरिंग।
- जलालाबाद के जानीसर के पांच गांवों में गलत बैलेट की वजह से मतदान रुका।
- पठानकोट के गांव चकधारवाल में गलत बैलेट आने से डेढ़ घंटे देरी से शुरू हुआ मतदान।
- दस बजे तक होशियरपुर में 9 प्रतिशत मतदान। वहीं जालंधर में 11 प्रतिशत मतदान। गुरदासपुर में भी 11 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान के लिए कतार में खड़े मतदाता
पंजाब में 22 जिला परिषदों और 150 पंचायत समितियों के लिए बुधवार 19 सितंबर को मतदान होगा। राज्य के कुल 12787395 मतदाता जिला परिषदों के 321 जोन में 855 प्रत्याशियों और पंचायत समितियों के लिए 2628 जोन में 6028 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद करेंगे। राज्य भर में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा और चुनाव परिणाम की घोषणा 22 सितंबर को होगी।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार, सूबे के कुल मतदाताओं में 6688245 पुरुष, 6099245 म?हिला और 97 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मतदान से पहले नामांकन पत्र वापस लेने की तिथि के बाद जिला परिषदों के लिए 33 और पंचायत समितियों के लिए 369 प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिए गए हैं। राज्य में अब लुधियाना जिले में पंचायत समितियों के लिए सबसे अधिक 533 प्रत्याशी और जिला परिषद के लिए 68 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के अनुसार, मतदान बैलेट पेपर के जरिए कराया जाएगा। मतदान के लिए 17268 बूथ स्थापित किए गए हैं और 86340 सरकारी कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी पर लगाया गया है। मतदान के मद्देनजर प्रदेश में बुधवार को सरकार द्वारा सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है। इसके अलावा 19 और 22 सितंबर को सूबे में ड्राई डे घोषित किया गया है। पूरी चुनाव प्रक्त्रिस्या शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए करीब 50 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।