चंडीगढ़। रामदरबार स्थित स्मॉल फ्लैट्स में चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 4 से 5 तोले सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय मकान मालिक रमन परिवार के साथ अंबाला में पारिवारिक समारोह में गए थे। सोमवार को लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर का सामान बिखरा था।
मार्केटिंग का काम करने वाले रमन ने बताया कि अलमारी से जेवर और नकदी गायब थी। उन्होंने तुरंत 112 पर पुलिस को सूचना दी। पीसीआर और हल्लोमाजरा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से आरोपियों की पहचान चुनौती बनी हुई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।