जालंधर के गढ़ा रोड पर स्थित रमन ज्वेलर्स की दुकान पर चोरों ने सेंधमारी कर लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक की ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया। दुकानदार नीरज के मुताबिक चोर दुकान से 1.5 किलो सोना व 20 किलो चांदी ले गए हैं।
इस चोरी की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें चार लोग थैले पकड़े वहां से निकलते दिखाई दे रहे हैं। दुकानदार के मुताबिक ये वही चोर हैं जो दुकान के पीछे वाले प्लॉट में रहते थे। उन्होंने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया है।
दुकान मालिक नीरज का कहना है कि उनकी दुकान के पीछे खाली प्लॉट है। वहां कुछ लोग किराये पर रहते हैं। चोर दुकान में रात को 9:45 बजे घुसे व सुबह 3:45 बजे बाहर आए। सीसीटीवी फुटेज में सभी चोर बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
नीरज ने बताया कि वह बुधवार सुबह लगभग 10 बजे जब दुकान पर पहुंचे तो पिछली दीवार टूटी थी। भीतर से एक करोड़ से ज्यादा के ज्वेलरी चोरी हो चुकी थी। इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस का कहना है कि चोरों को जल्द दबोच लिया जाएगा।