चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में कार्यरत एक कर्मी के सेक्टर-25 स्थित घर से एक 22 वर्षीय युवक ने गहने चुरा लिए। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। थाना पुलिस ने मामले में चोरी, ट्रेसपासिंग और बरामदगी की धारा जोड़ते हुए मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर- 25 के ही 22 वर्षीय अजय उर्फ बाला के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता सेक्टर- 25डी निवासी सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अजय ने बीते 9 नवंबर को उसके घर से गहनों से भरा बैग चुरा लिया था। इसमें दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का मंगलसूत्र, एक सोने का टिक्का, चांदी की पायलों की एक जोड़ी और इसमें रखे पर्स में कुछ दस्तावेज थे। वह पीयू में सफाई कर्मी का काम करता है। बीते 9 नवंबर की दोपहर जब वह लंच के लिए अपने घर गया तो देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी के लॉकर का ताला टूटा हुआ था। वहीं इसमें रखे गहने भी गायब थे। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है।