जीरकपुर। स्वामी एनक्लेव ढकोली में दिनदहाड़े चोर ने बंद घर से लाखों के गहने और 50 हजार रुपये नकदी चोरी कर ली। मकान मालिक गुलशन नागपाल ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी के साथ होलसेल दवाई बेचने का व्यापार करते हैं और सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक बाहर रहते हैं। रविवार को रोजाना भी वह घर का ताला लगाकर काम पर चले गए थे और रात करीब साढ़े नौ बजे आए तो देखा कि गेट का ताला टूटा था और अंदर सामान बिखरा था। चेक किया तो घर से ढाई तोले सोने का हार, एक किलो चांदी, 50 हजार नकदी और हजारों के उपहार चोर चुरा ले गया था। सीसीटीवी फुटेज चेक की तो पता चला की चोर शाम करीब सवा पांच बजे घर में घुसा था और 15 मिनट में चोरी की वारदात की। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
बर्गर वाले ने चुराए दस कारों के साइड मिरर
14-15 सितंबर की रात करीब 12 बजे एक चोर ने प्रीत कॉलोनी में 10 कारों के साइड मिरर चोरी कर लिए। लोगों ने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो पता चला की रात करीब सवा 12 बजे एक बर्गर रेहड़ी वाला वहां से निकल रहा था और उसी ने वारदात की है। प्रीत कॉलोनी निवासी पाल सिंह और हरिंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने सीसीटीवी की मदद से सुखना कॉलोनी में रहने वाले चोर को पहचाना और लोगों ने दोनों चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।