जेट एयरवेज की फ्लाइट में बम रखे होने की सूचना से इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। इस सूचना के बाद शाम साढ़े चार बजे जैसे ही दिल्ली से जेट एयरवेज का विमान इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचा तो यात्रियों को उतारने के बाद सीआईएसएफ के जवानों ने तलाशी अभियान चलाया।
इस तलाशी अभियान के बाद विमान से सामान उतारा गया। इसके साथ ही बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में एयरपोर्ट पर हमले के बाद मोहाली में इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट जारी की दिया गया है।सूचना के मुताबिक चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्थित जेट एयरवेज के काल सेंटर पर दोपहर दो बजे एक फोन आया, जिसमें कहा गया था कि उसके दिल्ली, देहरादून, चंडीगढ़, चेन्नई, मुंबई जाने वाले विमानों में बम रखे हुए हैं। इसके बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
एयरपोर्ट छावनी में तब्दील हो गया। इसी दौरान 4.30 बजे दिल्ली से जेट एयरवेज का विमान जैसे यहां लैंड हुआ। सबसे पहले यात्रियों को विमान से उतारा गया। इसके बाद विमान के भीतर सर्च अभियान चलाया गया। विमान में 120 यात्री सवार थे। यात्रियों को जब इसकी जानकारी हुई तो वे विमान से दूर जाकर खडे़ हो गए। इसके अलावा यहां से जाने वाले पांच विमानों को जांच करने के बाद रवाना किया गया। इसके कारण ये विमान एक घंटे देरी से रवाना हुए। चेकिंग अभियान के दौरान हैंड डिटेक्टर सहित अन्य एक्यूपमेंट का इस्तेमाल किया गया।
पंजाब पुलिस ने भी चलाया अभियान
वहीं, पंजाब पुलिस ने एयरपोर्ट परिसर के बाहर बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, पार्किंग सहित अन्य एरिया में डॉग स्क्वायड की टीमों की सहायता से तलाशी अभियान चलाया। वहीं एयरपोर्ट से एक किलोमीटर पहले गाड़ियों की चेकिंग की गई। एयरपोर्ट थाना के एसएचओ एचएस बल ने बताया कि एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट जारी है।
सामान चेकिंग के लिए नही बेहतरीन इक्यूपमंट
नाम नहीं छापने की शर्त पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक कर्मचारी ने बताया कि एयरपोर्ट पर अभी भी यात्रियों के बैग का एक्सरे होता है। बडे़ बैग की जांच के लिए कनवेयर बेल्ट का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर चेकिंग इक्यूपमेंट भी ठीक नहीं हैं। वहीं, इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाहरी एरिया में सुरक्षा व्यवस्था ठीक नहीं है। यहां पर जवानों की संख्या भी पूरी नहीं हैं। जब कोई दुर्घटना होती है तभी यहां पर सुरक्षा बल बढ़ाया जाता है।
कोट-----------
विमान में बम की सूचना जेट एयरवेज केकाल सेंटर में आई थी। चेकिंग अभियान के दौरान विमानों से कोई संदिग्ध चीज बरामद नहीं हुई है। यह मात्र अफवाह थी। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है।
सुनील दत्त, सीईओ, इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी