फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलख पड़े जीव मिल्खा: पांच दिन में सिर से उठ गया माता पिता का साया, गम में डूबा परिवार 

Sat, 19 Jun 2021 11:24 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

मशहूर गोल्फर ने कहा कि समझ नहीं पा रहा, इतना जल्दी कैसे हो गया। माता-पिता में काफी प्यार था और एक-दूसरे को इज्जत देते थे। शायद यही वजह होगी कि मां के जाने के बाद पिता भी दुनिया को अलविदा कह गए
विज्ञापन
पिता को नमन करते जीव मिल्खा सिंह। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुझे समझ नहीं आ रहा कि यह सब इतना जल्दी कैसे हो गया। पांच दिन के अंदर मैंने अपने माता-पिता को खो दिया है। यह कहते हुए जीव मिल्खा सिंह के आंसू छलक पड़े। शनिवार को सेक्टर- 8 स्थित निवास पर उनके पिता मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि दी जा रही थी। जीव मिल्खा सिंह दोनों हाथ जोड़कर बार-बार घर के बरामदे में रखी पिता मिल्खा सिंह और मां निर्मल मिल्खा सिंह की तस्वीर को निहार रहे थे। इस दौरान जीव मिल्खा ने कहा कि मां-पिता के निधन से पूरे परिवार को गहरा सदमा लगा है। मेरे और मेरे परिवार के लिए यह संकट की घड़ी है।

विज्ञापन


उन्होंने यह भी कहा कि मां-पिता के बीच रिश्ते की डोर काफी मजबूत थी। दोनों एक-दूसरे का अच्छी तरह से समझते थे। इन दोनों में काफी प्यार था और एक-दूसरे को इज्जत देते थे। जीव मिल्खा सिंह ने कहा, ‘शायद यही वजह होगी कि मां के जाने के बाद मेरे पिता भी इस दुनिया को अलविदा कह गए। जीव ने कहा कि बेटे हरजय, पत्नी कुदरत और बहनें सदमे में हैं। इससे उभरने में काफी वक्त लगेगा। 

सुबह से ही घर के बाहर जुटने लगे थे प्रशंसक
फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह के निधन की खबर से पूरा शहर शोक में डूब गया। जब उनके निधन की खबर अखबार और टीवी चैनलों के जरिए लोगों तक पहुंचीं तो शनिवार  सुबह से ही उनके घर के बाहर लोग जुटने लगे। वहीं, परिवार के करीबी श्रद्धांजलि देने के लिए आवास पर पहुंचने लगे।
विज्ञापन


घर के आंगन मे मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी की एक बड़ी तस्वीर को रखा गया था। घर पहुंचे उनके चाहने वालों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। तस्वीर के पास ही एक नोट बुक भी रखी हुई थी। इस नोट बुक पर लोग मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी से जुड़ी यादें और अपनी भावनाएं लिख रहे थे।

नेता और अफसरों के आने से बढ़ी हलचल 
मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए पंजाब की सियासी पार्टियों के नेताओं के आने का सिलसिला शुरू हुआ तो हलचल बढ़ गई। दोपहर में पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह भी उनके आवास पर पहुंचे। उनके साथ पंजाब के खेल मंत्री राणा गुरमीत सोढी भी पहुंचे। अकाली दल के नेता ब्रिकम सिंह मजीठिया भी पहुंचे। इन सबने वहां पहुंचकर मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जैसे-जैसे नेता और अफसर आ रहे थे पुलिस की मुस्तैदी भी बढ़ती जा रही थी।

गोल्फ यूनियन ने भी दी श्रद्धांजलि 
चंडीगढ़ गोल्फ यूनियन की ओर से मिल्खा सिंह के सम्मान में फूलों का गुलदस्ता भी उनकी तस्वीर पर चढ़ाया गया। वहीं, चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के कैडियों ने भी उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मिल्खा सिंह के परिवार को गोल्फ कोर्स पर खिलाने वाले कैडी अमृतसरिया, मोंटी, अरुण भी मौके पर मौजूद थे। 

पुलिस ने पूरे इलाके को किया सील
सेक्टर-8 स्थित मिल्खा सिंह के आवास पर सुरक्षा व्यवस्था का पूरा इंतजाम किया गया था। सुबह ही पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और घर के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर दिया था। इस दौरान काफी संख्या में मीडिया के लोग कवरेज के लिए वहां मौजूद रहे।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें