चंडीगढ़। नोटिस के बाद भी नए कंस्ट्रक्शन नहीं रोकने पर चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने वीरवार को सेक्टर 40 में दो मकानों में बने अवैध निर्माण को ढहा दिया। वहीं, एक मकान में बने अवैध निर्माण को खुद अलॉटी ने तोड़ दिया। अवैध निर्माण ढहाने आई टीम को देखकर अलॉटियों में हड़कंप मच गया। जब ड्राइव को लेकर दोपहर को सीएचबी की टीम मौके पर पहुंची तो कुछ अलॉटियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। ड्राइव में किसी तरह का विरोध उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस फोर्स भी मौके पर तैनात की गई थी। पुलिस ने लोगों को मौके से हटाकर यह कार्रवाई की। सेक्टर 40 में नोटिस देने के बावजूद दो अलॉटियों ने अवैध निर्माण नहीं ढहाया। इसके बाद ड्राइव चलाकर दोनों मकानों को ढहा दिया।
अब तक 39 अलॉटियों के तोड़े जा चुके मकान
सीएचबी ने अब तक 39 अतिरिक्त निर्माण तोड़े हैं। सीएचबी के एक अफसर ने बताया कि 23 केसों में ड्राइव में आए खर्च के संबंध में डिमांड नोटिस भेजा गया है। अगर अलॉटी 10 दिनों में डिमांड राशि का भुगतान नहीं करते हैं तो अलॉटमेंट रद्द किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें चार हजार से लेकर 42 हजार तक की डिमांड नोटिस है।
यहां पहले ढहाया गया है अतिरिक्त निर्माण
इससे पहले सीएचबी ने सेक्टर 45 में 14 मकानों और डड्डूमाजरा में दो मकानों से अतिरिक्त निर्माण गिराए थे। सेक्टर 56 में चार मकानों में बने अतिरिक्त निर्माण को ढहाया गया था। मनमीमाजरा में चार, धनास में दो और डड्डूमाजरा में 8 नए निर्माण को तोड़ा गया था।