जाट आरक्षण स्टे पर सोमवार को हाईकोर्ट में पहली सुनवाई होगी। इस दौरान जाट समाज का पक्ष रखने के लिए खाप प्रतिनिधियों ने भी वकील किए हैं, जो समाज का पक्ष रखेंगे। रविवार को नांदल भवन में हुई खाप प्रतिनिधियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि वह शांतिपूर्वक तरीके से समाज की लड़ाई लड़ेंगे। सोमवार को हाईकोर्ट में आरक्षण स्टे के मामले में पहली सुनवाई होगी। सुनवाई में समाज की तरफ से खापों ने दो वकील किए हैं, जो हाईकोर्ट में समाज का पक्ष रखेंगे।
इसके लिए पांच खाप प्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल बनाया गया है। सुनवाई के लिए प्रतिनिधिमंडल में रोहतक 84 खाप प्रधान हरदीप अहलावत, प्रधान धर्मपाल हुड्डा, जयपाल सिंह अहलावत, कैप्टन जगवीर मलिक और महावीर कुंडू भी चंडीगढ़ जाएंगे। खाप प्रतिनिधियों ने रविवार को हुए शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए जाट समाज का आभार जताया। मौके पर नांदल खाप प्रधान महेंद्र सिंह नांदल, प्रधान सुरेंद्र दहिया, रणधीर सिंह सरोहा, जयसिंह अहलावत, बलराज अठगामा, बलराज नांदल और प्रकाश सुनारिया आदि मौजूद रहे।
उधर, खापों के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुलसी ग्रेवाल ने भी जाटों द्वारा आंदोलन में शांति बनाये रखने व अनुशासन भंग न करने पर समाज को बधाई दी। कहा कि जाट समाज किसी के बहकावे में नहीं आएगा और अपने हक के लिए आंदोलन करने में समाज सक्षम है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जाट समाज की मांगों को जल्द पूरा किया जाए।