जाट नेताओं का प्लान
महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और दादरी से भाजपा की रैली में आने वाले लोगों को भिवानी में रोका जाएगा। दिल्ली, झज्जर, गुड़गांव, फरीदाबाद से आने वाले लोगों को रोहतक में रोका जाएगा। इसी प्रकार कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, नारनौंद में जाट समाज के लोग जाम जैसी स्थिति बनाकर लोगों को रैली में आने से रोकेंगे।
शाह की रैली के दिन ही जींद में जाटों की भाईचारा न्याय यात्रा
जाट नेता यशपाल मलिक ने 18 फरवरी से प्रदेश में जाट आरक्षण आंदोलन फिर से शुरू करने की चेतावनी दे रखी है। 15 फरवरी को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की जींद में बाइक रैली होनी है। अमित शाह की रैली को रोकने के लिए अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने योजना बना ली है।
15 फरवरी को ही समिति ने जींद में भाईचारा न्याय यात्रा का आह्वान किया है। समिति का प्लान है कि सभी जिलों से लोग 14 फरवरी की शाम से ही अपने-अपने ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरकर निकलेंगे। यदि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने का प्रयास किया तो जहां पर पुलिस रोकेगी, उसी स्थान पर लोग धरना देकर बैठ जाएंगे। इस कारण पूरे प्रदेश की सड़क जाम कर दी जाएगी।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने सोमवार को जींद में कहा कि पहले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जाट समाज की पांच शर्तें मानें, उसके बाद जींद में रैली करें। 15 फरवरी की रैली से पहले अमित शाह को जाट समाज के पांच सवालों के जवाब देने होंगे। यदि इन सवालों के जवाब नहीं दिए तो फिर हरियाणा का जाट समाज जींद की ओर कूच करेगा।