लुधियाना के होटल कारोबारी, पूर्व कांग्रेसी विधायक जस्सी खंगूड़ा ने बुधवार को आप आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। जस्सी ने वर्ष 2022 में विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस का हाथ छोड़ कर आप का झाड़ू थामा था और वे लगभग दो साल ही आम आदमी पार्टी का हिस्सा रहे। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि वे फिर से कांग्रेस में घर वापसी कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो वे लुधियाना लोकसभा हलके से कांग्रेस की टिकट के प्रबल दावेदारों में शुमार होंगे।
जानकारों का कहना है कि विधानसभा चुनावों से पहले जब वे आप में गए तो टिकट के दावेदार थे, लेकिन पार्टी ने उनको लोकसभा की टिकट देने का भरोसा दिया, लेकिन अब लोकसभा चुनावों में पार्टी ने टिकट हलका सेंट्रल के विधायक अशोक पराशर पप्पी को थमा दिया। ऐसे में जस्सी पार्टी हाईकमान से नाराज थे और उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
जसबीर सिंह जस्सी खंगूड़ा वर्ष 2007 में कांग्रेस के टिकट पर किला रायपुर विधानसभा सीट पर चुनाव लड़े थे और विजयी होकर विधायक बने थे। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2012 में हलका दाखा से विधानसभा का चुनाव लड़ा और हार गए। खंगूड़ा परिवार पुराना टकसाली कांग्रेसी परिवार है। पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के वे काफी नजदीक रहे। जस्सी का कहना है कि आम आदमी पार्टी में दो साल रहने का अवसर मिला और इस दौरान काफी कुछ सीखने को मिला। अपनी अगली पारी के बारे में उन्होंने फिलहाल कोई खुलासा नहीं किया।