सीएम बादल के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं जरनैल सिंह
- फोटो : File Photo
चंडीगढ़ की समीक्षा बैठक में दिल्ली में आप विधायक जरनैल सिंह भी पहुंचे। उन्हें सीएम बादल के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारे जाने की चर्चा है। पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर जरनैल ने कहा कि पार्टी ने अभी फैसला नहीं लिया है लेकिन अगर उन्हें लंबी से चुनाव लड़ने का मौका मिला तो उस सीट पर वह ही चुनाव जीतेंगे।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी राजौरी गार्डन से आप विधायक जरनैल सिंह को पंजाब चुनाव में उतारने की रणनीति बना रही है। ताकि, मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ उन्हें मैदान में उतारा जा सकता है। सूत्र बताते हैं कि 28 दिसंबर की लांबी रैली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इसकी घोषणा करेंगे।
दरअसल, बादल की विधानसभा सीट लांबी में 28 दिसंबर को केजरीवाल की रैली होनी है। यह सीट बादल परिवार का गढ़ माना जाता है। पार्टी इसी सीट पर सबसे बड़ा दाव खेलने जा रही है।
28 दिसंबर को हो सकता है बड़ा एलान
जरनैल सिंह
- फोटो : File Photo
पार्टी की सिख समुदाय से आने वाले दिल्ली से विधायक जरनैल सिंह को इस सीट से उतारने की योजना है। सूत्रों की मानें तो पार्टी ने तकरीबन इसका फैसला कर लिया है। लांबी रैली में केजरीवाल इस सियासी रणनीति का एलान भी कर देंगे।
जरनैल सिंह फिलहाल पंजाब में आप के सह-प्रभारी के तौर पर काम कर रहे हैं। कई मौकों पर उन्होंने सिख दंगों पर कांग्रेस नेताओं को घेरा है। वहीं, पत्रकार रहते हुए उन्होंने तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम पर जूता उछाल कर विरोध जताया था।
पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल ने खुद दिल्ली में जरनैल सिंह के घर पहुंच कर उन्हें पंजाब में चुनाव लड़ने का संकेत दिया था। हालांकि, पार्टी अभी आधिकारिक तौर पर इसका जवाब नहीं दे रही है।
इससे पहले आप ने उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ संगरूर से सांसद भगवंत मान मैदान में उतार दिया है। आप नेता जनसभाओं में सुखबीर सिंह बादल को चैलेंज भी कर रहे हैं कि वे अपनी सीट बताएं, जहां से लड़ेंगे?