पिछले डेढ़ साल से सेक्टर-31 में बन रहा जापानी गार्डन खुल चुका है। साढ़े 11 बजे यूटी प्रशासक शिवराज पाटिल गार्डन का उद्घाटन करेंगे। गार्डन में शहरवासियों को जापानी संस्कृति की झलक नजर आएगी।
इस गार्डन के तैयार होने से शहर को एक नया टूरिस्ट स्पॉट मिल जाएगा। ये गार्डन नगर निगम की ओर से तैयार किया गया है। करीब 13 एकड़ एरिया में फैले इस गार्डन को दो फेज में बनाया जा रहा है।
फिलहाल पहले फेज का ही उद्घाटन किया जा रहा है। दूसरे फेज पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे पूरा होने में डेढ़ से दो साल लगेंगे। गार्डन के दोनों हिस्सों के निर्माण में 7 करोड़ की लागत आएगी।
ये हैं खास आकर्षण
- पैगोडा हट्स बनाई गई हैं गार्डन में
- दो तालाब बने हैं जिनमें मगरमच्छ और मछलियों के स्कल्पचर्स बने हैं
- प्रवेश पर जापानी स्टाइल के एंट्री गेट लगे हैं
- 100 फुट लंबी सुरंग बनेगी जो पार्क के दोनों हिस्सों को जोड़ेगी
- कैंटीन और कैफेटेरिया भी बने हैं
गार्डन बनने से पहले की तस्वीरें दिखाई जाएंगी
जापानी गार्डन बनने से पहले सेक्टर-31 का ये एरिया उजाड़ पड़ा था। यहां नाला और आसपास बड़ी-बड़ी झाड़ियां थी। उद्घाटन के दिन गार्डन बनने के बाद और पहले की तस्वीरों को दिखाया जाएगा। लोगों के आकर्षण के लिए नगर निगम ये पहल करने जा रहा है।
जापानी गार्डन पर तेजी से काम चल रहा है। 7 नवंबर को सुबह साढ़े 11 बजे प्रशासक शिवराज पाटिल उद्घाटन करेंगे।
- वीपी सिंह, कमिश्नर, नगर निगम