वुमन अंडर 23 टूर्नामेंट में चंडीगढ़ की ओर से 7 विकेट चटका जीत की हीरो बनी कप्तान काशवी गौतम।
चंडीगढ़। कडापा (आंध्रप्रदेश) में खेले जा रहे बीसीसीआई वुमन अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट में चंडीगढ़ ने जम्मू-कश्मीर को सात विकेट से हराया। जीत की हीरो कप्तान काशवी रही जिन्हाेंने अपनी कप्तानी के साथ बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए मैच में सात विकेट चटकाए। काशवी की घातक गेंदबाजी के चलते जम्मू-कश्मीर की टीम 21वें ओवर में मात्र 71 रन पर ढेर हो गई। चंडीगढ़ ने लक्ष्य तीन विकेट खोकर 22वें ओवर में ही अर्जित कर लिया। टीम का अगला मुकाबला अब 25 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश के साथ होगा।
जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। गेंदबाज काशवी गौतम ने तीसरे ओवर में भवनदीप कौर (3) और ज्योति देवी (0) को आउट किया। मैच में 26 रन के स्कोर पर पारी अभी संभल ही रही थी कि मेहुल के सटीक थ्रो ने सलामी बल्लेबाज ललिता को 9 के निजी स्कोर पर रन आउट किया। इसके बाद पारी के आठवें ओवर में काशवी ने तीन विकेट जल्दी-जल्दी झटका कर जम्मू-कश्मीर की हालत खराब कर दी। सबसे पहले काशवी ने रिया सिंह को आउट किया। इसके बाद संध्या वाणी और रेहाना बानू को लगातार दो गेंदों पर शिकार बनाया। इससे स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 27 हो गया। पारी के 11वें ओवर में काशवी ने महक जान को शून्य पर आउट किया और स्कोर को सात विकेट के नुकसान पर 31 कर दिया। कप्तान सोनिका दूसरे छोर पर एक बड़ी सांझेदारी का विकल्प तलाशती रही। कप्तान ने मधु देवी के साथ 26 रन की छोटी सी पारी खेल कर टीम के स्कोर को अर्द्धशतक के पार लगाया। पारी के 17वें ओवर में पारुषि प्रभाकर ने गेंद थाम कर मधु देवी को 9 रन पर क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद शिवाली ने रौनक जहां को तीन रन पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। पारी का अंतिम विकेट काशवी ने संगीता (0) के रूप में चटकाया।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम ने मात्र 22वें ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर मैच को जीत लिया। टीम से कविता राज और पारुषि प्रभाकर ने 13-13 रन का योगदान दिया।