जालंधर में मुख्य सचिव विनी महाजन आधिकारियों के साथ बैठक करती हुईं।
- फोटो : अमर उजाला
अंतरराष्ट्रीय तर्ज पर जालंधर में बलटर्न पार्क में तैयार होने वाले स्पोर्ट्स हब को अब फिर ग्रहण लग गया है। विनी महाजन ने शनिवार को पुराने प्रोजेक्ट को रद्द कर दिया है और अब इस प्रोजेक्ट का नया मॉडल नए सिरे से तैयार होगा, जिसमें सभी गेम्स को स्थान दिया जाएगा। जिसके बाद दोबारा इसकी प्रक्रिया शुरू होगी। 2007 में जब भाजपा अकाली दल की सरकार थी तो तत्कालीन निकाय मंत्री मनोरंजन कालिया ने इसे एक ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया था।
उनका दावा था कि पंजाब में एकमात्र यह ऐसा स्पोर्ट्स हब होगा, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा। इसका नक्शा तैयार करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किये गए। पूर्व मेयर राकेश राठौर ने 2008 में इंटरनेशनल मैच के गवाह रहे बलटर्न पार्क के क्रिकेट स्टेडियम को ध्वस्त करवा दिया था। तब फंड की कमी और फिर आसपास की हरियाली को नुकसान होने के मसले पर हाईकोर्ट में केस को लेकर प्रोजेक्ट फंसा रहा।
इस बीच मनोरंजन कालिया की निकाय मंत्री की कुर्सी चली गई और कट्टर विरोधी तीक्ष्ण सूद को निकाय मंत्री बनाया गया। इसके बाद प्रोजेक्ट पर राजनीति शुरू हो गई। प्रोजेक्ट अधर में लटक गया। 2017 में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई तो नॉर्थ हलका के एमएलए बावा हैनरी के प्रयास से बलटर्न पार्क के स्पोर्ट्स हब को स्मार्ट सिटी में शामिल किया गया।
स्मार्ट सिटी के तहत पहले चरण में 250 करोड़ के प्रोजेक्ट के सात बार लगे टेंडर सफल नहीं हुए और कोई भी कंपनी आगे नहीं आई, जो इस प्रोजेक्ट पर काम कर सके। प्रोजेक्ट में 8 एकड़ में हैदराबाद के स्टेडियम की तर्ज पर फुटबाल स्टेडियम के साथ ही क्रिकेट स्टेडियम सहित आधा दर्जन इंडोर गेम्स, होटल, क्लब और कामर्शियल ब्लॉक बनाया जाना है। शनिवार को मुख्य सचिव विन्नी महाजन ने इस प्रोजेक्ट को रद्द कर दिया और नए सिरे से नया वर्क करने का आदेश जारी किया।
निगम कमिश्नर एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ करणेश शर्मा ने बताया कि टेंडर डालने के लिए कोई कंपनी आगे नहीं आई। कई बार प्रयास किया गया, लेकिन सफल नहीं हुए। कई कंपनी से मीटिंग करने के बाद यह सामने आया है कि इस हब में हर तरह की गेम होनी चाहिए। कंपनियों ने कई सुझाव दिए हैं, इसलिये इसका नया मॉडल तैयार किया जाएगा। अब सोमवार से नए सिरे से काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नया मॉडल बनने के बाद जरूर सफलता मिलेगी।