चंडीगढ़। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला द्वारा जगजीत सिंह की गजलों को लेकर एक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 18 साल से ऊपर की आयु वर्ग के लिए है। यह कार्यक्रम सुप्रसिद्ध गजल गायक पद्मश्री जगजीत सिंह की जयंती पर गजल गायकी को बढ़ावा देने के लिए किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दो चरणों में 1 और 8 फरवरी को मिनी टैगोर थियेटर में होगा।
इस संबंध में नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर (पटियाला) के चेयरमैन सौभाग्य वर्धन ने बताया कि इस कांटेस्ट का उद्देश्य गजल गायकी को बढ़ावा देने और इस रीजन के प्रतिभाशाली गायकों को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से नई प्रतिभाएं सामने आएंगी। कांटेस्ट में भाग लेने वाले गजल गायकों से कोई फीस नहीं ली जाएगी। बाहर से आने वाले गायकों को भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। गायकों को अपने खर्च पर आना होगा। गजल गायकी का यह यह मुकाबला दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। 1 फरवरी को प्रथम चरण में आए प्रतियोगियों में से दस प्रतियोगियों का चयन किया जाएगा। इन दस गायकों को 8 फरवरी को द्वितीय चरण में प्रतिभागिता करनी होगी। इन दस गायकों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय का चयन किया जाएगा। विजेता प्रतियोगियों को ट्राफी एवं प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा।