बता दें कि पिछले दिनों चंडीगढ़ में तीन दिन तक हुई मूसलाधार बारिश की वजह से पंचकूला से आने जाने-वाले के लिए बने चार मुख्य रास्ते बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। विकास नगर के रेलवे अंडरपास में पानी भर गया था तो शास्त्री नगर पुल, इंडस्ट्रियल एरिया फेज वन स्थित गोशाला पुल और किशनगढ़ के पुल को काफी नुकसान पहुंचा था।
डीएसपी यातायात जसविंदर सिंह ने बताया कि विकास नगर रेलवे अंडरपास में भरे पानी को सुबह के समय ही निकाल लिया गया था लेकिन पुल के अंदर काफी मात्रा में मिट्टी जमा थी, जिसे साफ करने में कुछ घंटे लग गए। इसके बाद इस रास्ते को खोल दिया गया। पंचकूला से आने और जाने के लिए लोग अब इस रास्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं।
यूटी प्रशासन के चीफ इंजीनियर सीबी ओझा ने कहा कि शास्त्री नगर के पुल के साफ-सफाई व उसे ठीक करने का काम पूरा हो चुका है। पुल पर अभी भी मनीमाजरा को जाने वाली नगर निगम की पानी की पाइप लाइन मौजूद है, जिसे हटाने के बाद सड़क को आवाजाही के लिए खोला जाएगा। सीबी ओझा ने कहा कि रात में इस कार्य के पूरा होने की उम्मीद है, इसलिए विभाग कोशिश करेगा कि शुक्रवार दोपहर से पहले इस सड़क को आवाजाही के लिए खोल दिया जाए।
बाकी बचे दो रास्तों की वर्तमान स्थिति
किशनगढ़ का पुल
किशनगढ़ के पुल को शुरू होने में करीब एक हफ्ते का समय लग सकता है, क्योंकि सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि पुल का कंक्रीट स्ट्रक्चर ठीक है। फिलहाल सड़क की मरम्मत का काम जोरों से चल रहा है।
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 गोशाला पुल
गोशाला पुल को भी बारिश के पानी से काफी नुकसान पहुंचा है। नगर निगम के अनुसार, इस पुल को ठीक होने में कम से कम एक महीने का समय लग सकता है। तब तक इस रास्ते से आवाजाही बंद रहेगी।
बस के नीचे आई एक्टिवा सवार महिला, हालत गंभीर
मध्य मार्ग पर गुरुवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे जाम में फंसी स्कूटी सवार महिला अचानक सीटीयू बस के टायर के नीचे आ गई। हादसे में महिला का पैर बुरी तरह कुचला गया। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। घायल महिला की पहचान कुसुम (30) निवासी बलटाना (जीरकपुर) के रूप में हुई है। अभी तक मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से बस चालक के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दी गई है।
कुसुम हरियाणा सरकार की कर्मचारी बताई जा रही है। गुरुवार सुबह सेक्टर-17 स्थित दफ्तर जा रही थी। इसी दौरान कलाग्राम लाइट प्वाइंट से रेलवे स्टेशन लाइट प्वाइंट के बीच वह हादसे का शिकार हो गई। पुलिस के मुताबिक, भीषण जाम में सीटीयू बस और महिला दोनों धीरे-धीरे साथ-साथ चल रहे थे। इसी बीच संतुलन बिगड़ने पर महिला अचानक बस के नीचे आ गई। आईटी थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।