चंडीगढ़। धमाकेदार एंट्री के बाद मानसून थोड़ा कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। सोमवार और मंगलवार को बारिश हुई लेकिन बुधवार को मौसम साफ रहा और पूरे दिन धूप निकली रही। शाम को बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया था। बादल भी छाए लेकिन कुछ ही देर बाद छंट गए।मौसम में आए इस बदलाव का असर शहर के तापमान पर भी देखने को मिला। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। बीते दिन हुई बारिश की वजह से ही शहर का तापमान अभी भी सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अब वीरवार को शहर के कुछ इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
सीजन में अब तक 122 एमएम हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, एक जून से लेकर बुधवार शाम 5:30 बजे तक 122 एमएम बारिश हुई है। बुधवार को बारिश नहीं हुई लेकिन मंगलवार को सुबह 8:30 बजे से लेकर बुधवार सुबह 8:30 बजे तक 8.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। सोमवार को 41.8 एमएम बारिश हुई थी। आंकड़ों के अनुसार अभी सीजन में 13.7 फीसदी कम बारिश हुई है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में अच्छी खासी बारिश होने का पूर्वानुमान है।