चंडीगढ़। शहर में सक्रिय झपटमार मंगलवार को अलग-अलग थाना क्षेत्र में रात 8 से 1 बजे तक पांच घंटे में झपटमारी की तीन वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पहली वारदात मनीमाजरा थाना क्षेत्र की है। जहां शादी समारोह में मोबाइल पर खेल रही बच्ची के हाथ से फोन छीन कर स्नैचर फरार हो गया। दूसरी वारदात मलोया थाना थाना क्षेत्र की है, जहां सेक्टर-38 वेस्ट स्थित शीतला माता मंदिर के पास बाइक सवार तीन झपटमार महिला का मोबाइल झपट फरार हो गए। वहीं तीसरी वारदात सेक्टर-11 थाना क्षेत्र की है, जहां सेक्टर 25ए स्थित पब्लिक टॉयलेट (सार्वजनिक शौचालय) के पास मिस्त्री का काम करने वाले व्यक्ति का पर्स झपट आरोपी फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने वारदात के चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए पड़ताल में जुटी है।
केस-1
शादी समारोह में बच्ची से मोबाइल झपटकर फरार
देर रात-1 बजे:
मनीमाजरा के रहने वाले राजिंद्र ने दस साल की बच्ची से हुई मोबाइल स्नैचिंग की शिकायत दर्ज कराई है। सूत्रों के मुताबिक शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को वह अपने परिवार के साथ विश्वकर्मा मंदिर में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए आए थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि शादी समारोह के दौरान अपनी 10 साल की बच्ची शशि के काफी जिद करने पर उसना अपना मोबाइल फोन उसे खेलने के लिए दे दिया। बेटी मोबाइल लेकर खेल ही रही थी, इसी दौरान एक लाल रंग की टी-शर्ट और काले रंग का लोअर पहने एक युवक बच्ची के हाथ से मोबाइल छीन फरार हो गया। इसके बाद उसने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस शादी समारोह की वीडियो समेत सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जिससे आरोपी का कोई सुराग मिल सके। वहीं मामले में मनीमाजरा थाना पुलिस का कहना है कि घटना की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।
केस-2
बाइक सवार स्नैचर महिला का फोन झपटकर फरार
रात-9 बजे:
सेक्टर-38 वेस्ट की रहने वाली रचना (42) ने थाने में अपने साथ ही मोबाइल झपटमारी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि मंगलवार रात 9 बजे के करीब वह अपने काम से वापस घर की ओर आ रही थी। जैसे ही वह सेक्टर-38 वेस्ट स्थित शीतला माता मंदिर के पास पहुंची। उसी दौरान बाइक सवार तीन युवक उसके पीछे से आए और उसका मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए। इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। मामले में मलोया थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक सवार झपटमारों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस-3
पर्स झटपमार गिरफ्तार..
रात-8 बजे
सेक्टर-25 के रहने वाले सतपाल (48) ने पर्स झपटने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मिस्त्री का काम करता है। मंगलवार रात आठ बजे करीब वह अपने काम से घर की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह सेक्टर 25ए स्थित सार्वजनिक शौचालय के पास पहुंचा उसी दौरान एक युवक ने उसे रोक लिया। इस दौरान आरोपी पीड़ित के पास मौजूद पर्स छीन कर फरार हो गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि पर्स में कुछ रुपये और दस्तावेज मौजूद थे। मामले में सेक्टर-11 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सेक्टर 25 के लिए रहने वाले अभिषेक उर्फ अभि (25) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी हिस्ट्री शीटर है। उस पर पहले से चंडीगढ़ के सेक्टर-39 थाने में स्नैचिंग और सेक्टर-11 थाने में एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज हैं।