चंडीगढ़। कोविड काल से पहले सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सभागार की मरम्मत का काम शुरू हुआ था और चल रहा है। शहर के 112 स्कूलों में से सिर्फ तीन स्कूलों में सभागार (मल्टीपर्पज हॉल) बने हैं जिसमें से एक जीएमएसएसएस-10 का है। सेक्टर-10 के स्कूल में 2018 तक राज्य स्तरीय कला उत्सव, साक्षात्कार, दाखिले के लिए काउंसलिंग आदि कई कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। लेकिन 2018 के बाद से सभागार की टपकती छत, टूटे मंच, बिजली आदि की अव्यवस्था होने से कार्यक्रम होने बंद हो गए। मरम्मत के लिए इंजीनियरिंग विभाग को टेंडर सौंपा गया जिसके तहत मरम्मत का काम अभी भी चल ही रहा है। प्रधानाचार्य जैस्मिन जोश ने बताया इंजीनियरिंग विभाग की ओर से उन्हें सभागार वापस नहीं सौंपा गया है। सभागार में एसी लग चुके हैं लेकिन छत्त से पानी के रिसाव के कारण उन्हें सुरक्षित रखने में दिक्कत आ रही है। मंच पर लगने वाली स्क्रीन को दूसरे कमरे में लगाया है। अभी टपकती छत, मंच का काम करना और म्यूजिक सिस्टम और स्क्रीन लगाना बाकी है।
स्कूल के एक शिक्षक ने बताया इंजीनियरिंग विभाग से मरम्मत के लिए कभी एक अधिकारी आता है तो कभी दूसरा। काम निरंतरता में नहीं हुआ और उन्हें उसके आगे बढ़ने की भी जानकारी नहीं मिली। दरअसल स्कूल के किसी भी मरम्मत, बिजली का काम करवाने के लिए स्कूल से जिला शिक्षा अधिकारी और वहां से स्कूल शिक्षा निदेशक के कार्यालय से होकर पत्र इंजीनियरिंग विभाग के पास पहुंचता है। स्कूल का इंजीनियरिंग विभाग के साथ सीधा संपर्क नहीं है। ऐसे में कोई काम न होने पर या देरी होने पर संवाद की लंबी प्रक्रिया का पालन करना पड़ता है।
स्कूल में बदले तीन प्रधानाचार्य फिर भी नहीं हुआ मरम्मत का काम पूरा
2019 तक स्कूल के प्रधानाचार्य रहे हरबीर सिंह के कार्यकाल के समय मरम्मत का टेंडर पास हुआ। उनके बाद उसी साल रमणीक कौर ने बतौर प्रधानाचार्य कार्यभार संभाला। उन्होंने बताया उनके समय भी सभागार बुरी स्थिति में था। उन्होंने सभागार की मरम्मत के लिए प्रयास किया लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। उनके बाद अब जैस्मिन जोश प्रधानाचार्य पद पर हैं और अभी भी काम पूरा नहीं हुआ है।
कोविड के कारण हुई देरी
कोविड के कारण काम में देरी हुई। अभी सभागार का काम तकरीबन पूरा हो गया है। इंजीनियरिंग विभाग अपना काम कर रहा है। आशा है एक-दो महीने में मरम्मत कार्य पूरा हो जाएगा। -हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़, स्कूल शिक्षा निदेशक
जांच की जाएगी
स्कूल के सभागार का काम क्यों नहीं हुआ है इसका पता लगाएंगे। सेक्टर-10 का स्कूल काफी पुराना है, उसकी मरम्मत में विरासत का मुद्दा हो सकता है। इसकी जांच की जाएगी कि काम में कहां दिक्कत आ रही है। -सीबी ओझा, मुख्य अभियंता